धरोहरफीचर्डसमस्या

पहाड़ी मंदिर की 27 एकड़ भूमि की होगी मापी, अतिक्रमण पर चलेगा बुलडोजर

रांची दर्पण डेस्क। राजधानी रांची के आस्था के प्रमुख केंद्र पहाड़ी मंदिर को लेकर बड़ा प्रशासनिक कदम उठाने की तैयारी है। लगभग 27 एकड़ क्षेत्रफल में फैले इस ऐतिहासिक धार्मिक स्थल के बड़े हिस्से पर अतिक्रमण की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए रांची नगर निगम ने पूरे मंदिर परिसर की विस्तृत मापी कराने का निर्णय लिया है। मापी के बाद अतिक्रमण चिन्हित कर उसे चरणबद्ध तरीके से हटाया जाएगा।

नगर प्रशासक सुशांत गौरव ने पहाड़ी मंदिर एवं आसपास के इलाकों का स्थलीय निरीक्षण के दौरान निगम के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि मंदिर के दाहिनी और बायीं ओर स्थित भूमि की प्रकृति, वास्तविक सीमांकन, वर्तमान स्थिति और उपयोग का बारीकी से आकलन कर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाए। इस रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।The 27 acres of land belonging to the hill temple will be surveyed and encroachments will be removed with bulldozers 2

निरीक्षण के दौरान नगर प्रशासक ने पाया कि मंदिर के मुख्य द्वार के दोनों ओर अतिक्रमण, अवैध दुकानें और बेतरतीब खड़े वाहन श्रद्धालुओं के लिए बड़ी परेशानी बने हुए हैं। सुबह से ही ट्रक और मालवाहक वाहनों के खड़े रहने से न केवल श्रद्धालुओं, बल्कि आम नागरिकों की आवाजाही भी बाधित हो रही है।

इस पर नगर प्रशासक ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध रूप से खड़े वाहनों पर जुर्माना लगाने, आसपास स्थित गोदामों और अवैध दुकानों की जांच करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

निरीक्षण में यह भी सामने आया कि कई पूजा सामग्री दुकानदारों ने निर्धारित सीमा से बाहर सड़क तक सामान फैला रखा है। इसे लेकर नगर प्रशासक ने स्पष्ट कहा कि निर्धारित दायरे से बाहर कारोबार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, ताकि सड़क और प्रवेश मार्ग पूरी तरह से खुला रहे।The 27 acres of land belonging to the hill temple will be surveyed and encroachments will be removed with bulldozers 4

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर प्रशासक ने दो अलग-अलग पार्किंग स्थलों के निर्माण का निर्देश दिया। उनका कहना था कि त्योहारों और श्रावण जैसे विशेष अवसरों पर श्रद्धालुओं की संख्या काफी बढ़ जाती है, ऐसे में सुव्यवस्थित पार्किंग से जाम और अव्यवस्था की समस्या से राहत मिलेगी।

नगर प्रशासक सुशांत गौरव ने कहा कि रांची नगर निगम पहाड़ी मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुगम वातावरण देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मंदिर और उसके आसपास के पूरे क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त, स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए निगम द्वारा योजनाबद्ध और ठोस पहल की जाएगी।

निरीक्षण के क्रम में नगर प्रशासक ने हरमू रोड स्थित शनि मंदिर और गाड़ीखाना चौक के आसपास के क्षेत्रों का भी जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ट्रैफिक व्यवस्था, साफ-सफाई और अतिक्रमण की स्थिति की समीक्षा की।The 27 acres of land belonging to the hill temple will be surveyed and encroachments will be removed with bulldozers 3

इस मौके पर अपर प्रशासक, उपप्रशासक, नगर प्रबंधक समेत रांची नगर निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।

बहरहाल, नगर निगम की इस पहल से उम्मीद की जा रही है कि आने वाले दिनों में पहाड़ी मंदिर क्षेत्र न केवल श्रद्धालुओं के लिए अधिक सुविधाजनक होगा, बल्कि राजधानी की छवि भी और बेहतर होगी।

Ranchi Darpan / Mukesh bhartiy

वरीय पत्रकार मुकेश भारतीय (Mukesh Bhartiy) पिछले 35 वर्षों से समाचार लेखक, संपादक और संचार विशेषज्ञ के रूप में सक्रिय हैं। उन्हें समसामयिक राजनीतिक घटनाओं, सामाजिक मुद्दों और क्षेत्रीय समाचारों पर गहरी समझ और विश्लेषणात्मक अनुभव है। उनका उद्देश्य ताज़ा खबरें, विश्वसनीय रिपोर्टिंग और प्रासंगिक दृष्टिकोण को पाठकों तक ईमानदारी से पहुँचाना है। एक्सपर्ट मीडिया न्यूज़ (Expert Media News) सर्विस द्वारा प्रकाशित-प्रसारित राँची दर्पण (Ranchi Darpan) के माध्यम से वे राजधानी राँची और उसके आसपास से जुड़ी स्थानीय खबरें, प्रशासनिक मुद्दे एवं राजनीतिक विश्लेषण प्रस्तुत करते हैं। वे मानते हैं कि स्थानीय पत्रकारिता का उद्देश्य केवल खबर देना नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी, प्रमाण और जनहित के साथ सामने रखना है। ताकि एक स्वस्थ समाज और स्वच्छ व्यवस्था की परिकल्पना साकार हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.