होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया में देरीः जून माह के अंत तक प्रकाशित होगा रिजल्ट

रांची दर्पण डेस्क। रांची जिला होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया में लगातार हो रही देरी के खिलाफ शनिवार को अभ्यर्थियों का आक्रोश सड़क पर फूट पड़ा। सैकड़ों की संख्या में जुटे अभ्यर्थियों ने मोरहाबादी मैदान से समाहरणालय तक पदयात्रा निकालते हुए जोरदार प्रदर्शन किया और मुख्य द्वार का घेराव कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
कई घंटों तक चले इस आंदोलन के बाद उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री से हुई वार्ता में जून माह के अंत तक रिजल्ट प्रकाशित करने का आश्वासन मिलने पर मामला शांत हुआ।
सुबह से ही मोरहाबादी मैदान स्थित बापू वाटिका में अभ्यर्थियों का जुटान शुरू हो गया था। महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में पदयात्रा प्रारंभ हुई।
यह रैली मोरहाबादी मैदान से रेडियम रोड और कचहरी चौक होते हुए समाहरणालय पहुंची। भारी भीड़ के कारण कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा, जिसके बाद प्रशासन को अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात करना पड़ा।
समाहरणालय पहुंचने के बाद अभ्यर्थियों ने मुख्य द्वार पर लगभग चार घंटे तक धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने कई बार आंदोलनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन अभ्यर्थी उपायुक्त से सीधे वार्ता की मांग पर अड़े रहे। देर शाम आखिरकार पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को उपायुक्त से मिलने की अनुमति दी गई।
वार्ता के दौरान उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने अभ्यर्थियों को बताया कि फिजिकल परीक्षा के मास्टर चार्ट में कथित छेड़छाड़ की शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिसकी जांच जारी है। इसके अलावा शहरी टेक्निकल पद के कुछ उम्मीदवारों के स्थानीय प्रमाण पत्र फर्जी होने की शिकायतों पर विशेष जांच टीम गठित कर जांच कराई जा रही है।
उपायुक्त ने भरोसा दिलाया कि सभी जांच प्रक्रियाएं जून माह के अंत तक पूरी कर ली जाएंगी और उसके बाद पारदर्शी तरीके से रिजल्ट प्रकाशित कर दिया जाएगा। उन्होंने अभ्यर्थियों की समस्याओं को गंभीर बताते हुए शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन भी दिया।
आंदोलन में आरसी फिजिकल अकैडमी, कमांडो डिफेंस एकेडमी, वर्दी मेरा जुनून कोचिंग तथा झारखंड फिजिकल अकैडमी के संचालकों सहित बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल हुए।
गौरतलब है कि झारखंड गृह रक्षा वाहिनी, रांची द्वारा नियुक्ति विज्ञापन संख्या-01/2025 के तहत कुल 1614 गृह रक्षकों की भर्ती के लिए आवेदन मांगे गए थे। शारीरिक दक्षता परीक्षा 13 अक्टूबर 2025 से 10 जनवरी 2026 तक आयोजित की गई थी।
परीक्षा समाप्त हुए पांच माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद परिणाम जारी नहीं होने से अभ्यर्थियों में लगातार नाराजगी बढ़ रही थी। राज्य के अन्य जिलों में जहां मास्टर चार्ट जारी कर दिए गए, वहीं रांची में प्रक्रिया लंबित रहने पर अभ्यर्थियों ने आंदोलन का रास्ता अपनाया।
उपायुक्त से हुई वार्ता में देवेंद्र नाथ महतो, अरशद अली, छठवर्ती कुमारी, अनिल कुमार, फरजान अंसारी और नीरजदेव महतो शामिल रहे।










