अपराध

JKLM नेता देवेंद्र नाथ महतो सहित चार नामजद, 50 अज्ञात पर केस दर्ज

कांके (रांची दर्पण)। टाइगर अनिल महतो हत्याकांड के विरोध में राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने झारखंड बंद का आह्वान किया। जिसमें नवगठित राजनीतिक दल झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JKLM) के कार्यकर्ता भी सक्रिय रूप से शामिल हुए। इस दौरान पुलिस ने पार्टी के प्रमुख नेता देवेंद्र नाथ महतो समेत चार लोगों पर नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

इस कार्रवाई से नाराज देवेंद्र नाथ महतो ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पुलिस प्रशासन पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन पूर्वाग्रह से ग्रसित होकर उनके संगठन को टारगेट कर रहा है। महतो के अनुसार, अन्य राजनीतिक दलों ने भी झारखंड बंद के दौरान सड़क पर प्रदर्शन किया। लेकिन पुलिस ने केवल उनके समर्थकों को ही निशाना बनाया।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस का पूरा ध्यान हत्यारों को पकड़ने के बजाय अवैध खनन और ट्रांसपोर्टिंग पर है। राज्य में कानून-व्यवस्था चरमरा चुकी है और प्रशासन अपराधियों को पकड़ने में पूरी तरह असफल साबित हो रहा है।

बता दें कि गुरुवार को हुए झारखंड बंद के दौरान लोअर बाजार थाना में दर्ज की गई एफआईआर में सरकारी काम में बाधा डालने, पुलिस के साथ धक्का-मुक्की करने और छात्रों को जबरन रोकने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मामले में जिन चार नामजद व्यक्तियों पर केस दर्ज किया गया है। उनमें देवेंद्रनाथ महतो, ओमप्रकाश महतो, सुभाष चंद्र महतो और रूपेश महतो शामिल हैं।

ज्ञात हो कि टाइगर अनिल महतो की हत्या ने पूरे राज्य में आक्रोश फैला दिया है। उनके समर्थकों और स्थानीय संगठनों ने इस हत्या के पीछे साजिश होने का आरोप लगाया है। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि प्रशासन जल्द से जल्द मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी करे और उन्हें कड़ी सजा दिलाए।

जेपीएलएम कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे जल्द ही इस मुद्दे को लेकर राज्यव्यापी आंदोलन करेंगे। वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून के दायरे में रहकर ही सभी दोषियों पर कार्रवाई होगी। अब देखना है कि झारखंड की राजनीति में यह मामला कितनी दूर तक जाता है।

Ranchi Darpan

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय पिछले तीन दशक से राजनीति, अर्थ, अधिकार, प्रशासन, पर्यावरण, पर्यटन, धरोहर, खेल, मीडिया, कला, संस्कृति, मनोरंजन, रोजगार, सरकार आदि को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर बतौर कंटेंट राइटर-एडिटर सक्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.