जुमार पुल बस स्टैंड के पास 5 लाख का ब्राउन शुगर के साथ महिला गिरफ्तार

रांची दर्पण डेस्क। राजधानी रांची में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने जुमार पुल बस स्टैंड के पास कार्रवाई करते हुए एक महिला को कथित तौर पर 89.32 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ का अनुमानित बाजार मूल्य करीब पांच लाख रुपये बताया गया है।
पुलिस के अनुसार 16 अगस्त 2026 को वरीय पदाधिकारी से सूचना मिली थी कि बिहार की ओर से एक महिला भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ लेकर रांची पहुंचने वाली है। सूचना के आधार पर छापामारी दल जुमार पुल बस स्टैंड के पास पहुंचा और संदिग्ध महिला की तलाश में निगरानी शुरू की।
इसी दौरान दोपहर करीब 3:10 बजे जुमार पुल के पास एक महिला ऑटो में अकेली बैठी दिखाई दी। पुलिस को अपनी ओर आते देख वह कथित तौर पर घबरा गई और ऑटो से उतरकर भागने का प्रयास करने लगी। छापामारी दल में शामिल महिला चौकीदार के सहयोग से पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
इसके बाद महिला की विधिवत तलाशी ली गई। पुलिस के मुताबिक, उसके काले रंग के पर्स/हैंडबैग में प्लास्टिक पाउच में छिपाकर रखा गया ब्राउन शुगर, एक आई-टेल कंपनी का काला की-पैड मोबाइल फोन और 20 हजार रुपये नकद बरामद हुए। बरामद सामान को जप्ती सूची तैयार कर विधिवत जब्त किया गया।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार महिला ने रांची जिले के विभिन्न चौक-चौराहों पर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री किए जाने की जानकारी दी। मामले में सदर (मेसरा) थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद ब्राउन शुगर की खेप कहां से लाई गई थी और इसके पीछे किसी बड़े सप्लाई नेटवर्क की भूमिका तो नहीं है। मामले में आगे की जांच के आधार पर अन्य संभावित आरोपियों और नेटवर्क से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी सामने आने की उम्मीद है।










