आस-पासफीचर्डशिक्षा

ए-वन पब्लिक स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी ‘सृजन’ का भव्य आयोजन, छात्रों के वैज्ञानिक मॉडल बने आकर्षण

रांची दर्पण डेस्क। कांके प्रखंड अंतर्गत नेवरी विकास स्थित ए-वन पब्लिक स्कूल में शनिवार को विज्ञान प्रदर्शनी ‘सृजन’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ निदेशक मालती सिन्हा ग्राम पंचायत के मुखिया साधो उराँव, उपमुखिया मजहर एवं सरपंच संदीप ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद अतिथियों ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न विज्ञान मॉडल और परियोजनाओं का अवलोकन किया तथा उनकी रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच की मुक्तकंठ से सराहना की।A One Public School 1

प्रदर्शनी में छात्रों ने विज्ञान एवं पर्यावरण से जुड़े कई समसामयिक विषयों पर आकर्षक मॉडल प्रस्तुत किए। इनमें लेज़र सिक्योरिटी सिस्टम, माइक्रोस्कोप, न्यूरॉन की संरचना, मानव श्वसन तंत्र, मानव शरीर प्रणाली, वर्षा जल संचयन, वायु एवं जल प्रदूषण, भारतीय संसद तथा ग्लोबल वार्मिंग जैसे विषय विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ अपने-अपने मॉडल की कार्यप्रणाली, वैज्ञानिक सिद्धांत और समाज में उसकी उपयोगिता को विस्तार से समझाया।

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार प्रदर्शनी का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार की भावना, रचनात्मक सोच तथा व्यावहारिक ज्ञान का विकास करना है। कार्यक्रम के दौरान बच्चों की प्रस्तुति ने यह साबित किया कि नई पीढ़ी विज्ञान के माध्यम से सामाजिक और पर्यावरणीय चुनौतियों के समाधान खोजने के प्रति गंभीर है।A One Public School 2

विज्ञान प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भी भाग लिया। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा, आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुति और विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार की विज्ञान प्रदर्शनियाँ बच्चों में जिज्ञासा, तार्किक सोच और अनुसंधान की भावना को प्रोत्साहित करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में निरंतर सीखने और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।A One Public School 3

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्राचार्या कंचन रानी ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी छात्रों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के लिए इस प्रकार के रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।

Ranchi Darpan

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय पिछले तीन दशक से राजनीति, अर्थ, अधिकार, प्रशासन, पर्यावरण, पर्यटन, धरोहर, खेल, मीडिया, कला, संस्कृति, मनोरंजन, रोजगार, सरकार आदि को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर बतौर कंटेंट राइटर-एडिटर सक्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.