आस-पासबिग ब्रेकिंगहादसा

मां-बेटी की मौत पर लोगों का फूटा गुस्सा, रांची-पटना मुख्य मार्ग जाम

मेसरा (रांची दर्पण)। रांची-पटना मुख्य मार्ग स्थित गेतलातू के देवी दर्शन मोड़ के पास सड़क हादसे में मां और बेटी की मौत के बाद मंगलवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों ने आक्रोश जताते हुए तलातू के समीप मुख्य सड़क को जाम कर दिया।

करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण रिंग रोड गोलंबर से बूटी मोड़ तक वाहनों की लंबी कतार लग गयी और यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।

घटना की सूचना मिलने पर कांके अंचल अधिकारी अमित कुमार भगत और बीआइटी मेसरा थाना प्रभारी अजय कुमार दास मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया।

इस दौरान सीओ ने तत्काल अंतिम संस्कार के लिए 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की तथा सरकारी मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद शाम करीब 5:15 बजे सड़क जाम हटाया गया और यातायात सामान्य हो सका।

बताया जाता है कि देर शाम करीब सात बजे बबीता देवी (42) अपनी 12 वर्षीय बेटी प्रीति के साथ देवी दर्शन मोड़ के पास सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार यात्री बस (जेएच-01एफके-8555) ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया।

हादसा इतना भयावह था कि मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गयी। घटना के बाद बीआइटी पुलिस ने बस को जब्त कर लिया और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया था।

मृतका बबीता देवी के पति रंजीत साहू देवी दर्शन मोड़ पर फॉर्चून की दुकान चलाते हैं। परिवार में चार बेटियां और एक बेटा हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दुर्घटना स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है।

Ranchi Darpan

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय पिछले तीन दशक से राजनीति, अर्थ, अधिकार, प्रशासन, पर्यावरण, पर्यटन, धरोहर, खेल, मीडिया, कला, संस्कृति, मनोरंजन, रोजगार, सरकार आदि को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर बतौर कंटेंट राइटर-एडिटर सक्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.