Monday, February 16, 2026
अन्य

    सोमा मुंडा हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा: 2 शूटर समेत 6 आरोपी गिरफ्तार

    रांची दर्पण डेस्क। खूंटी पुलिस ने चर्चित पड़हा राजा सोमा मुंडा हत्याकांड का बड़ा खुलासा करते हुए दो शूटर सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे लंबे समय से चला आ रहा जमीन विवाद मुख्य वजह बनकर सामने आया है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को उनके घरों से पकड़ा गया है तथा उनके पास से हत्या में प्रयुक्त हथियार और अन्य सामान बरामद किए गए हैं।

    गिरफ्तार आरोपी कौन-कौन?

    पुलिस ने जिन छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें दानियल सांगा (मुंडा चलागी निवासी), सुमित दगल (मुख्य शूटर), मारकुस सांगा (सह-शूटर), रोशन मिचयाड़ी (बिरहू सरई टीकरा निवासी), संदीप खलखो (कपरिया निवासी), संतोष दगल सांड (मुंडा चलागी निवासी) शामिल हैं।

    एसपी मनीष टोप्पो ने प्रेस वार्ता में बताया कि सुमित दगल और मारकुस सांगा ने ही गोली चलायी थी, जिसमें सुमित मुख्य शूटर था। संतोष और सुमित, मुख्य आरोपी दानियल सांगा के भतीजे बताए जा रहे हैं।

    हथियार और वाहन बरामद

    पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त बाइक और कार, रेकी के लिए इस्तेमाल की गई एनएस पल्सर बाइक सहित अन्य सामान जब्त किया है।

    ऐसे रची गई हत्या की साजिश

    एसपी के अनुसार, मुंडा चलागी में सोमा मुंडा के घर और स्कूल के पास करीब 14 डिसमिल जमीन को लेकर दानियल सांगा का 10-12 वर्षों से विवाद चल रहा था। सोमा मुंडा उस जमीन पर निर्माण कार्य नहीं होने दे रहे थे, जिससे दानियल और उसका परिवार नाराज था।

    इसी दौरान कथित तौर पर कुछ जमीन कारोबारी भी सोमा मुंडा से असंतुष्ट थे। नवंबर-दिसंबर 2025 में जियरप्पा क्षेत्र की 30-32 एकड़ खाली जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद बढ़ा। एक जमीन से शिलापट्ट हटाने के बाद सोमा मुंडा ने दिसंबर 2025 में पड़ा समाज की बैठक बुलायी और 3 जनवरी को दोबारा शिलापट्ट गाड़ने का निर्णय लिया। पुलिस का दावा है कि इसी के बाद हत्या की साजिश रची गई।

    50 हजार में सुपारी की पेशकश

    पुलिस जांच के मुताबिक, दानियल सांगा ने मारकुस सांगा को हत्या के लिए 25 हजार रुपये देने की बात कही। जबकि जमीन कारोबारियों की ओर से भी 25 हजार रुपये दिलाने का आश्वासन दिया गया।

    मारकुस को सोमा मुंडा ने वर्ष 2022 में अपने स्कूल से निकाल दिया था, जिससे वह पहले से नाराज था। सुमित दगल को नंबर प्लेट बदली हुई पल्सर बाइक और हथियार उपलब्ध कराए गए।

    हत्या की वारदात

    7 जनवरी को सोमा मुंडा के खूंटी जाने की जानकारी मिलने के बाद, सुमित और मारकुस ने कथित तौर पर जमुआदाग के पास उनकी गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार रोशन मिचयाड़ी को पिपराटोली के पास निगरानी के लिए तैनात किया गया था।

    पुलिस परेड और शहर में हलचल

    गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सभी छह आरोपियों को पैदल मार्च कराते हुए खूंटी थाना से शहर के मुख्य मार्ग तक ले जाया। आरोपियों को देखने के लिए सड़क किनारे लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

    पहले भी हो चुकी हैं गिरफ्तारियां

    इस हत्याकांड में इससे पहले आठ आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं। एसपी मनीष टोप्पो ने बताया कि मामले में कुछ अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आयी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ते हुए जमीन विवाद, आपसी रंजिश और कथित साजिश के एंगल से आगे की जांच कर रही है।

    रांची दर्पण डेस्क के लिए मुकेश भारतीय की रिपोर्ट

    Ranchi Darpanhttp://ranchidarpan.com
    वरीय पत्रकार मुकेश भारतीय (Mukesh Bhartiy) पिछले 35 वर्षों से समाचार लेखक, संपादक और संचार विशेषज्ञ के रूप में सक्रिय हैं। उन्हें समसामयिक राजनीतिक घटनाओं, सामाजिक मुद्दों और क्षेत्रीय समाचारों पर गहरी समझ और विश्लेषणात्मक अनुभव है। उनका उद्देश्य ताज़ा खबरें, विश्वसनीय रिपोर्टिंग और प्रासंगिक दृष्टिकोण को पाठकों तक ईमानदारी से पहुँचाना है। एक्सपर्ट मीडिया न्यूज़ (Expert Media News) सर्विस द्वारा प्रकाशित-प्रसारित राँची दर्पण (Ranchi Darpan) के माध्यम से वे राजधानी राँची और उसके आसपास से जुड़ी स्थानीय खबरें, प्रशासनिक मुद्दे एवं राजनीतिक विश्लेषण प्रस्तुत करते हैं। वे मानते हैं कि स्थानीय पत्रकारिता का उद्देश्य केवल खबर देना नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी, प्रमाण और जनहित के साथ सामने रखना है। ताकि एक स्वस्थ समाज और स्वच्छ व्यवस्था की परिकल्पना साकार हो सके।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

    अन्य खबरें

    टॉप ट्रेंडिंग

    error: Content is protected !!