हादसाआस-पासचुटिया

अमरावती रेलवे कॉलोनी में हिट-एंड-रनः थार ने गृह प्रवेश से लौट रहे लोगों को रौंदा, 2 की मौत, 5 गंभीर

रांची में रात 11 बजे हुआ दर्दनाक सड़क हादसा

रांची (नालंदा दर्पण)। चुटिया थाना क्षेत्र के अमरावती रेलवे कॉलोनी में देर रात एक दर्दनाक हिट-एंड-रन की घटना ने इलाके को दहला दिया। रात करीब 11 बजे तेज रफ्तार थार वाहन ने गृह प्रवेश कार्यक्रम से लौट रहे लोगों को कुचल दिया।

इस हादसे में हटिया सिंहमोड़ निवासी धर्मेंद्र कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि एक अन्य की भी मृत्यु की पुष्टि की जा रही है। घटना में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।

गृह प्रवेश की खुशियां मातम में बदलीः जानकारी के अनुसार, रेलवे कॉलोनी में एक व्यक्ति के गृह प्रवेश कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। भोजन के बाद कुछ लोग कार्यक्रम स्थल से बाहर निकलकर कृष्णापुरी स्टेशन की ओर जा रहे थे।

इसी दौरान स्टेशन की ओर से तेज रफ्तार में आ रही थार गाड़ी ने सड़क किनारे खड़े और गुजर रहे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर गिर पड़े।

वाहन चालक फरार, पुलिस तलाश में जुटीः हादसे के बाद थार चालक मौके से डोरंडा की ओर फरार हो गया। सूचना मिलते ही चुटिया थाना पुलिस और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार वाहन और चालक की पहचान की जा सके।

गुरुनानक अस्पताल में हंगामाः स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल गुरुनानक अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने धर्मेंद्र कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल अन्नपूर्णा नायडू की हालत नाजुक होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया, जिससे नाराज परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। बाद में पुलिस के हस्तक्षेप से इलाज शुरू कराया गया।

रेलवे की टीसी और पुत्र भी घायलः घायलों में रेलवे की टीसी अन्नपूर्णा नायडू और उनके 22 वर्षीय पुत्र कुणाल नायडू भी शामिल हैं। दोनों घटना के समय स्कूटी से वहां से गुजर रहे थे। अन्नपूर्णा नायडू के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि कुणाल नायडू का पैर टूट गया है। अन्य घायलों में संदीप महतो, प्रशांत गौरव और अमित सिंह शामिल हैं, जिनकी हालत भी चिंताजनक बनी हुई है।

पंडाल सड़क किनारे लगाने पर उठे सवालः प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आयोजन स्थल के पास सड़क किनारे पंडाल लगाया गया था, जहां कई लोग खड़े थे। हादसे के बाद सुरक्षा व्यवस्था और सड़क किनारे आयोजनों को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और फरार वाहन चालक की तलाश तेज कर दी गई है।

समाचार स्रोत : मुकेश भारतीय / मीडिया रिपोर्ट्स

मुकेश भारतीय

मुकेश भारतीय वरिष्ठ पत्रकार हैं और राजनीति, प्रशासन और स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर लेखन-संपादन करते हैं। More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.