झारखंड में दिखने लगा चक्रवाती तूफान ‘फेंगल’ का बड़ा असर

रांची (एक्सपर्ट मीडिया न्यूज)। चक्रवाती तूफान ‘फेंगल’ का प्रभाव झारखंड में भी दिखाई देने लगा है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश और तापमान में उतार-चढ़ाव का पूर्वानुमान जताया है। इस चक्रवात के कारण झारखंड के दक्षिणी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। जबकि अन्य क्षेत्रों में बूंदाबांदी और ठंड में बढ़ोतरी की संभावना है।

फेंगल का प्रभाव और बारिश का पूर्वानुमान: तमिलनाडु के तटीय इलाकों पर इस चक्रवाती तूफान का मुख्य प्रभाव देखने को मिल रहा है। लेकिन इसका असर अब बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों तक फैल गया है। जिसका असर झारखंड में भी देखा जा रहा है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह एक बड़ा साइक्लोनिक सिस्टम है। जिसका प्रमुख प्रभाव झारखंड के दक्षिणी क्षेत्रों में होगा। कोल्हान क्षेत्र के पश्चिम सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, खूंटी और सिमडेगा जैसे जिलों में हल्की बारिश की संभावना है। वहीं राज्य के मध्य भाग में बूंदाबांदी की उम्मीद जताई गई है। जबकि उत्तरी झारखंड के इलाकों में तापमान में उतार-चढ़ाव हो सकता है।

ठंड बढ़ने के संकेत: चक्रवात के चलते दिन के समय तापमान में गिरावट हो सकती है। जिससे ठंड में बढ़ोतरी होगी। हालांकि रात के समय आसमान में बादल छाए रहने से तापमान में हल्की वृद्धि होने का अनुमान है। अगले कुछ दिनों तक झारखंड में ठंड और हल्की बारिश के कारण मौसम में बदलाव देखा जाएगा। विशेष रूप से 2 दिसंबर तक राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहने की संभावना है।

मौसमी स्थिति पर नजर: राजधानी रांची में आज सुबह धुंध के साथ शुरू हुई, और तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार आज का अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहेगा।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार तीन से चार दिसंबर तक साइक्लोनिक सिस्टम का असर रहेगा, लेकिन पांच दिसंबर से यह खत्म होने लगेगा। जिसके बाद पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तरी भारत के साथ झारखंड में भी ठंड बढ़ने की संभावना है।

सतर्क रहने की सलाह: मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और बदलते मौसम के अनुसार तैयारी करने की सलाह दी है। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों और कमजोर इलाकों में लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है। क्योंकि अचानक तापमान में गिरावट और बारिश से ठंड बढ़ने की संभावना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

जुड़ी खबरें

प्रमुख खबरें