राजधानी में बड़ी साजिश नाकाम, राहुल सिंह गिरोह के कटप्पा और आरडीएक्स समेत 3 शातिर धराए

हथियारों के साथ एयरपोर्ट के पास वारदात की फिराक में थे अपराधी, एसआईटी की त्वरित कार्रवाई से टली बड़ी घटना

रांची दर्पण डेस्क। राजधानी रांची में आपराधिक वारदात को अंजाम देने से पहले ही पुलिस ने एक बड़ी साजिश पर पानी फेर दिया। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर गठित विशेष जांच टीम (SIT) ने कुख्यात राहुल सिंह गिरोह के तीन सक्रिय गुर्गों को धर दबोचा। गिरफ्तार अपराधियों में पंकज कुमार उर्फ सोनू शर्मा, रियांश सिंह उर्फ स्वतंत्र उर्फ आरडीएक्स और अश्वनी कुमार परवता उर्फ कटप्पा उर्फ जॉनी शामिल हैं।

इस संबंध में सिटी एसपी पारस राणा ने प्रेस वार्ता में बताया कि अश्वनी उर्फ कटप्पा राहुल सिंह गिरोह का मुख्य सदस्य है और इससे पहले वह अन्य आपराधिक गिरोहों के लिए भी काम कर चुका है। वर्तमान में उसका काम गिरोह के लिए हथियार व गोलाबारूद की व्यवस्था करना, व्यवसायियों के मोबाइल व व्हाट्सएप नंबर जुटाना और धमकी भरे संदेश तैयार करना था।

पुलिस के अनुसार, एसएसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि गिरोह के सदस्य राजधानी में दहशत फैलाने के इरादे से जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के पास हथियारों का आदान-प्रदान करने वाले हैं। सूचना मिलते ही हटिया डीएसपी प्रमोद कुमार मिश्रा के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एयरपोर्ट की दक्षिणी चहारदीवारी के पास झाड़ी और मैदान से दो अपराधियों को हथियार, कारतूस, मोबाइल और बाइक के साथ गिरफ्तार किया।

कड़ाई से पूछताछ में खुलासा हुआ कि वे राहुल सिंह के निर्देश पर रांची पहुंचे थे और गोलीबारी की घटना को अंजाम देने के लिए आदेश का इंतजार कर रहे थे। पूछताछ के आधार पर तीसरे आरोपी कटप्पा उर्फ अश्वनी को भी धर दबोचा गया।

गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक देसी पिस्टल, दो मैगजीन, 15 जिंदा कारतूस और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इस मामले में जगन्नाथपुर थाना में केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

छापेमारी दल में जगन्नाथपुर थाना प्रभारी दिग्विजय सिंह, अरगोड़ा थाना प्रभारी अनिल कुमार तिवारी, धुर्वा थाना प्रभारी विमल किंडो समेत कई अधिकारी और जवान शामिल थे।

पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से राजधानी में संभावित बड़ी आपराधिक घटना टल गई है और गिरोह के नेटवर्क को खंगालने के लिए जांच तेज कर दी गई है।

स्रोतः मुकेश भारतीय/रांची पुलिस/मीडिया रिपोर्टस्

Ranchi Darpanhttps://ranchidarpan.com
वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय पिछले तीन दशक से राजनीति, अर्थ, अधिकार, प्रशासन, पर्यावरण, पर्यटन, धरोहर, खेल, मीडिया, कला, संस्कृति, मनोरंजन, रोजगार, सरकार आदि को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर बतौर कंटेंट राइटर-एडिटर सक्रिय हैं।
अन्य समाचार

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

प्रमुख समाचार