अपराध

हटिया रेलवे स्टेशन पर शराब समेत नालंदा के दो तस्कर गिरफ्तार

ऑपरेशन सतर्क के तहत चेकिंग अभियान में लगेज स्कैनर स्टाफ की सतर्कता से नाकाम हुई शराब तस्करी की कोशिश

रांची दर्पण डेस्क। हटिया रेलवे स्टेशन परिसर को सुरक्षित और अपराधमुक्त बनाए रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ऑपरेशन सतर्क के तहत हटिया रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई सामने आई है। आरपीएफ पोस्ट हटिया और सीआईबी रांची की संयुक्त टीम ने स्टेशन परिसर में सघन चेकिंग अभियान चलाया, जिसमें शराब तस्करी की कोशिश को नाकाम कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार हटिया रेलवे स्टेशन के मुख्य प्रवेश और निकास द्वार पर चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध व्यक्ति हाथ में थैला लिए स्टेशन परिसर में प्रवेश करते नजर आए।

ड्यूटी पर तैनात लगेज स्कैनर स्टाफ रीना यादव ने जब उनसे सामान को एक्स-बीआईएस (X-BIS) मशीन में डालने को कहा तो दोनों युवक अचानक घबरा गए और वहां से भागने का प्रयास करने लगे।

उनकी संदिग्ध हरकत को देखते हुए मौके पर मौजूद आरपीएफ और सीआईबी की टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान बिहार के नालंदा जिले के औंगारी परिख निवासी सुधीर कुमार (37 वर्ष) और बिहार के जहानाबाद जिले के घोषी निवासी सुजीत कुमार (27 वर्ष) के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान दोनों के पास से कुल 25 बोतल शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 8700 रुपये बताई जा रही है। बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है और दोनों आरोपियों के खिलाफ रेलवे नियमों एवं संबंधित कानूनों के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।

आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि रेलवे स्टेशनों पर लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके। ऑपरेशन सतर्क के तहत आने वाले दिनों में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं लगेज स्कैनर स्टाफ की सतर्कता की भी अधिकारियों ने सराहना की है, जिनकी सूझबूझ से यह कार्रवाई संभव हो सकी।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से भी अपील की है कि वे संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत आरपीएफ को दें। ताकि स्टेशन परिसर को सुरक्षित और अपराधमुक्त रखा जा सके।

Ranchi Darpan

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय पिछले तीन दशक से राजनीति, अर्थ, अधिकार, प्रशासन, पर्यावरण, पर्यटन, धरोहर, खेल, मीडिया, कला, संस्कृति, मनोरंजन, रोजगार, सरकार आदि को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर बतौर कंटेंट राइटर-एडिटर सक्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.