अपराधआस-पासपुलिस

सिल्ली में पुलिस ने 3 एकड़ में लगी अवैध अफीम की खेती पर चलाया ट्रैक्टर

अनगड़ा थाना क्षेत्र के जंगल और रैयती जमीन पर हो रही थी अफीम की खेती, पुलिस ने चलाया विशेष अभियान

सिल्ली (रांची दर्पण)। रांची जिले के सिल्ली क्षेत्र में पुलिस ने अवैध अफीम की खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब तीन एकड़ में लगी पोस्ता (अफीम) की फसल को नष्ट कर दिया।

यह अभियान वरीय पुलिस अधीक्षक रांची एवं पुलिस अधीक्षक ग्रामीण रांची के निर्देश पर चलाया गया, जिसमें पुलिस उपाधीक्षक सिल्ली के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल ने भाग लिया।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अनगड़ा थाना क्षेत्र के कुछ ग्रामीण इलाकों में जंगल और रैयती जमीन पर चोरी-छिपे अफीम की खेती की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से अभियान चलाया।

छापामारी के दौरान ग्राम बानपुर, जहेराटाली, बिलासजारा और मीनाजारा टोली के आसपास के वन क्षेत्र और निजी जमीनों पर बड़े पैमाने पर अफीम की फसल लहलहाती मिली। पुलिस टीम ने मौके पर पर्याप्त बल के साथ कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर की मदद से पूरी फसल को जुतवाकर नष्ट कर दिया।

छापामारी के दौरान खेतों में खड़ी अफीम की फसल
जंगल और रैयती भूमि पर चोरी-छिपे की जा रही अफीम की खेती, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नष्ट किया।

अधिकारियों के अनुसार करीब तीन एकड़ में अवैध पोस्ता की खेती की गई थी, जिसकी बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। समय रहते कार्रवाई होने से अवैध मादक पदार्थ के उत्पादन और तस्करी की बड़ी साजिश पर रोक लगाई गई है।

इस संबंध में अनगड़ा थाना में सनहा संख्या–16/26 दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस खेती के पीछे कौन लोग शामिल हैं, जमीन किसकी है और इसमें स्थानीय स्तर पर किसने सहयोग किया। संबंधित व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती और तस्करी के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा। ग्रामीणों से भी अपील की गई है कि वे ऐसी गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

( सिल्ली से रांची दर्पण के लिए सुनील की रिपोर्ट )

Ranchi Darpan

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय पिछले तीन दशक से राजनीति, अर्थ, अधिकार, प्रशासन, पर्यावरण, पर्यटन, धरोहर, खेल, मीडिया, कला, संस्कृति, मनोरंजन, रोजगार, सरकार आदि को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर बतौर कंटेंट राइटर-एडिटर सक्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.