फीचर्डअपराधप्रशासन

ओरमांझी में अवैध गैस सिलेंडर कालाबाजारी पर बड़ी कार्रवाई, बिरयानी दुकान-घर से 10 सिलेंडर बरामद

“प्रशासन ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में इस तरह की कार्रवाई और तेज की जाएगी, ताकि अवैध गैस सिलेंडर कालाबाजारी पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके…

रांची दर्पण डेस्क। रांची जिला प्रशासन ने अवैध गैस सिलेंडर कारोबार, भंडारण और रिफिलिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ओरमांझी थाना क्षेत्र में चल रहे एक अवैध नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।

गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में एक बिरयानी दुकान से नौ व्यवसायिक गैस सिलेंडर बरामद किए गए, जबकि आरोपी के घर से एक अतिरिक्त सिलेंडर, रिफिलिंग नोजल और इलेक्ट्रॉनिक तराजू जब्त किया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध गैस कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।

जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रखंड विकास पदाधिकारी ओरमांझी के नेतृत्व में जिला स्तरीय टीम ने ग्राम ईरवा स्थित दिल्ली दरबार बिरयानी दुकान में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दुकान से कुल 9 व्यवसायिक गैस सिलेंडर बरामद हुए, जिनका वजन लगभग 19.02 किलोग्राम श्रेणी का बताया गया है।

बरामद सिलेंडरों में HP GAS और INDANE GAS दोनों कंपनियों के सिलेंडर शामिल हैं। इनमें कई सिलेंडर पूरी तरह भरे हुए पाए गए, जबकि कुछ आंशिक रूप से भरे और एक खाली सिलेंडर भी मिला।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार इन सिलेंडरों में से छह सिलेंडर सील स्थिति में थे, जिससे यह संकेत मिलता है कि इनका उपयोग नियमित आपूर्ति चैनल से हटकर अवैध बिक्री या पुनः रिफिलिंग के लिए किया जा रहा था।

प्रारंभिक पूछताछ में दुकान संचालक ने स्वीकार किया कि ये सिलेंडर ग्राम थाना ओरमांझी क्षेत्र के एक बिचौलिए द्वारा कार के माध्यम से दुकान तक पहुंचाए जाते थे।

आरोप है कि उक्त बिचौलिया अवैध रूप से गैस रिफिलिंग कर सिलेंडरों की बिक्री करता था और इससे होने वाले लाभ में हिस्सेदारी भी तय थी। इससे यह मामला केवल अवैध भंडारण तक सीमित नहीं रहकर एक संगठित मुनाफाखोर नेटवर्क की ओर इशारा करता है।

स्वतंत्र साक्षी उपलब्ध नहीं होने के कारण प्रशासनिक टीम ने साथ गए चौकीदार को साक्षी बनाते हुए विधिवत जप्ती सूची तैयार की और सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया।

आरोपी के घर पर दूसरी बड़ी छापेमारीः दुकान से मिली जानकारी और गिरफ्तार व्यक्ति की निशानदेही पर प्रशासनिक टीम ने आरोपी के घर पर भी घेराबंदी कर छापेमारी की। ग्राम थाना ओरमांझी स्थित घर से एक HP GAS सिलेंडर बरामद हुआ, जिसमें लगभग 10 किलोग्राम गैस भरी हुई थी।

सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि सिलेंडर में रिफिलिंग के लिए उपयोग होने वाला नोजल लगा हुआ मिला, जो अवैध गैस ट्रांसफर के प्रत्यक्ष प्रमाण के रूप में देखा जा रहा है।

इसके साथ ही मौके से एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी बरामद किया गया, जिससे यह स्पष्ट होता है कि गैस की मात्रा नापकर व्यवस्थित तरीके से अवैध बिक्री की जा रही थी। हालांकि छापेमारी के दौरान आरोपी घर से फरार मिला, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

सुरक्षा के लिहाज से भी है गंभीर मामलाः विशेषज्ञों का मानना है कि अवैध गैस रिफिलिंग न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह आम लोगों की जान के लिए भी गंभीर खतरा है। बिना मानक सुरक्षा उपकरणों और लाइसेंस के गैस सिलेंडरों की रिफिलिंग से आग लगने, विस्फोट और बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है। बिरयानी दुकान जैसे व्यावसायिक प्रतिष्ठान में इस तरह का अवैध भंडारण सार्वजनिक सुरक्षा के लिए बेहद चिंताजनक है।

किन धाराओं में होगी कार्रवाईः जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह मामला रेगुलेशन ऑफ सप्लाई एंड डिस्ट्रीब्यूशन ऑर्डर-2000, आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 तथा अन्य सुसंगत धाराओं के अंतर्गत संज्ञेय अपराध की श्रेणी में आता है। संबंधित थाना में प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

प्रशासन का सख्त संदेशः रांची जिला प्रशासन ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि जिले में किसी भी प्रकार की कालाबाजारी, अवैध भंडारण, रिफिलिंग या मुनाफाखोरी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आम नागरिकों से अपील की गई है कि यदि कहीं भी इस प्रकार की गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल जिला प्रशासन या नजदीकी थाना को सूचित करें।

Ranchi Darpan

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय पिछले तीन दशक से राजनीति, अर्थ, अधिकार, प्रशासन, पर्यावरण, पर्यटन, धरोहर, खेल, मीडिया, कला, संस्कृति, मनोरंजन, रोजगार, सरकार आदि को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर बतौर कंटेंट राइटर-एडिटर सक्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.