अपराधआस-पास

ब्राउन शुगर और गांजा के साथ अंतर्राज्यीय गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार

नामकुम (रांची दर्पण)। राजधानी रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में पुलिस ने ब्राउन शुगर और गांजा की अवैध खरीद–बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय नशा गिरोह का पर्दाफाश किया है। बेल बगान इलाके के समीप की गई इस छापेमारी में पुलिस ने ब्राउन शुगर और गांजा की तस्करी करते चार युवकों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह का एक सदस्य मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि बेल बगान क्षेत्र में ब्राउन शुगर और गांजा की खुलेआम खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद ग्रामीण एसपी के निर्देश पर डीएसपी मुख्यालय प्रथम अमर कुमार पांडेय के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। जैसे ही पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर छापेमारी की, वहां मौजूद युवक पुलिस को देखकर भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर चार युवकों को पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमनदीप कुमार (इंद्रा कॉलोनी, रामगढ़), अभिषेक कुमार उर्फ टाइगर उर्फ गोलू (बरटोली, नेतरहाट, लातेहार), हेमंत गुड़िया (टंगराटोली, मुरहू, खूंटी) और आयुष अनुज कुजूर (पीस रोड, डंगराटोली, लालपुर) के रूप में हुई है। इनमें से तीन आरोपी वर्तमान में नामकुम के बेल बगान क्षेत्र में रह रहे थे।

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 17 पुड़िया में कुल 10.73 ग्राम ब्राउन शुगर और 24 पुड़िया में 103.36 ग्राम गांजा बरामद किया। इसके अलावा दो कार (जेएच 01 क्यू 8844 और जेएच 05 सीक्यू 1044), चार मोबाइल फोन, एक चेकबुक और एटीएम कार्ड भी जब्त किए गए हैं।

प्रेसवार्ता में डीएसपी अमर कुमार पांडेय ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे एक अंतर्राज्यीय गिरोह से जुड़े हैं, जिसका सरगना फरार हो गया है। वही उन्हें ब्राउन शुगर और गांजा उपलब्ध कराता था। आरोपी मादक पदार्थ को छोटी-छोटी पुड़ियों में पैक कर रांची शहर में घूम-घूम कर बेचते थे। प्रत्येक पुड़िया की कीमत लगभग 500 रुपये बताई गई है। गिरोह के तार झारखंड के अलावा बिहार के सासाराम और गढ़वा से भी जुड़े होने की जानकारी मिली है।

पुलिस अब फरार सरगना की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। इस कार्रवाई में डीएसपी मुख्यालय प्रथम के साथ नामकुम थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनोज कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक शशि रंजन, जयदेव सराक, गौतम कुमार, जयप्रकाश कुमार, उज्जवल कुमार सिंह एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Ranchi Darpan

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय पिछले तीन दशक से राजनीति, अर्थ, अधिकार, प्रशासन, पर्यावरण, पर्यटन, धरोहर, खेल, मीडिया, कला, संस्कृति, मनोरंजन, रोजगार, सरकार आदि को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर बतौर कंटेंट राइटर-एडिटर सक्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.