हादसाकोकरफीचर्डबिग ब्रेकिंग

Ranchi petrol pump blast: पेट्रोल पंप परिसर में विस्फोट से दहला कोकर इलाका

डायमंड सेल्स पेट्रोल पंप के पैनल रूम में धमाके की आशंका, बम निरोधक दस्ते ने की जांच; किसी के घायल होने की सूचना नहीं

कोकर (रांची दर्पण)। Ranchi petrol pump blast:राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोकर के व्यस्त इलाके में एक पेट्रोल पंप परिसर में हुए जोरदार धमाके से अफरा-तफरी मच गयी। कोकर स्थित डायमंड सेल्स पेट्रोल पंप परिसर में रात करीब 8:25 बजे अचानक धमाका हुआ। धमाके की आवाज आसपास के इलाके में काफी दूर तक सुनाई दी और कुछ क्षण के लिए पेट्रोल पंप तथा आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक धमाका पेट्रोल पंप के पैनल रूम में गड़बड़ी के कारण होने की आशंका जतायी जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी घटना के वास्तविक कारण की पुष्टि नहीं की है। तकनीकी खराबी, शॉर्ट सर्किट अथवा किसी अन्य कारण की संभावना को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।

टैंकर खड़ा था, बड़ा हादसा टला

धमाके के समय पेट्रोल पंप पर कर्मचारी वाहनों में ईंधन भरने का काम कर रहे थे। खास बात यह रही कि परिसर में एक तेल टैंकर भी खड़ा था। ऐसे में धमाके के बाद आग फैलती तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।

धमाके के साथ आग की लपटें भी दिखाई दीं। तेज आवाज सुनकर पेट्रोल पंप के कर्मचारी, ग्राहक और आसपास के घरों-दुकानों में मौजूद लोग सहम गये। कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गयी।

शेड और आसपास की दुकानों को नुकसान

धमाके की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पेट्रोल पंप के शेड का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पास स्थित वेयरहाउस की टिन की चादरें उखड़ गयीं। परिसर के बाथरूम के गेट का हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हुआ। इसके अलावा बैक ऑफिस की इमारत के निचले हिस्से और आसपास की कुछ दुकानों को भी नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आयी है।

घटना के तुरंत बाद पेट्रोल पंप से ईंधन की बिक्री रोक दी गयी और आम लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गयी। सूचना मिलते ही सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे परिसर को घेरकर जांच शुरू कर दी।

बम निरोधक दस्ते ने भी की जांच

धमाके की प्रकृति को देखते हुए पुलिस ने बम निरोधक दस्ते को भी सूचना दी। टीम ने मौके पर पहुंचकर परिसर की जांच की। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि धमाका पूरी तरह तकनीकी खराबी के कारण हुआ या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।

सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार के अनुसार घटना के वास्तविक कारण का पता विस्तृत जांच और रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

सबसे बड़ा राहत का पहलू यही रहा कि पेट्रोल पंप जैसे संवेदनशील परिसर में धमाका होने के बावजूद किसी व्यक्ति की जान नहीं गयी और कोई घायल नहीं हुआ। अब जांच रिपोर्ट से यह साफ होने की उम्मीद है कि आखिर पैनल रूम में ऐसी कौन-सी गड़बड़ी हुई, जिसने पेट्रोल पंप परिसर में इतना जोरदार धमाका कर दिया।

Ranchi Darpan

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय पिछले तीन दशक से राजनीति, अर्थ, अधिकार, प्रशासन, पर्यावरण, पर्यटन, धरोहर, खेल, मीडिया, कला, संस्कृति, मनोरंजन, रोजगार, सरकार आदि को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर बतौर कंटेंट राइटर-एडिटर सक्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.