रांची दर्पण डेस्क। रांची उपायुक्त (DC) मंजूनाथ भजंत्री ने समाज कल्याण, सामाजिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को कड़ी फटकार लगायी। बैठक के दौरान आंगनबाड़ी भवन निर्माण के लिए भूमि विवरण उपलब्ध नहीं कराने पर कांके, ओरमांझी और रातू के अंचलाधिकारियों के प्रति नाराजगी जताते हुए उपायुक्त ने तीनों सीओ को शो-कॉज जारी करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण में किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जायेगी। उन्होंने निर्माणाधीन भवनों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराने का निर्देश देते हुए महिला पर्यवेक्षिकाओं को भवन निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित करने को कहा।
बैठक में विद्यालय परिसरों में बन रहे आंगनबाड़ी भवन, शौचालय एवं पेयजल व्यवस्था से जुड़े लंबित कार्यों की भी समीक्षा की गयी।
उपायुक्त ने कार्यकारी एजेंसी और एनआरईपी-वन के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि सभी अधूरे कार्यों को तय समयसीमा में पूरा किया जाये।
संस्थागत प्रसव की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग को ड्यू-लिस्ट के अनुसार शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक गर्भवती महिला तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित होनी चाहिए तथा सुरक्षित मातृत्व को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाये।
इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों में रेनवाटर हार्वेस्टिंग निर्माण के लंबित कार्यों को जल्द पूरा कराने के लिए पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल को निर्देशित किया गया। उपायुक्त ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी।
बैठक में प्रभारी उप विकास आयुक्त संजय भगत, सिविल सर्जन डॉ प्रभात कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सुरभि सिंह समेत कई अधिकारी उपस्थित थे।










