Monday, February 16, 2026
अन्य

    रिंग रोड भू-अर्जन घोटाला: ACB की बड़ी कार्रवाई, 17 गिरफ्तार, 17 नामजद फरार

    रांची दर्पण डेस्क। झारखंड में रिंग रोड भू-अर्जन मुआवजा घोटाले ने अब बड़े भ्रष्टाचार के रूप में आकार ले लिया है। धनबाद एसीबी (एंटी करप्शन ब्यूरो) की टीम ने इस सनसनीखेज मामले में 17 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि 17 अन्य नामजद अभियुक्त अभी भी फरार हैं।

    एसीबी सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई लंबे समय से चल रही गोपनीय जांच के बाद की गई, जिसमें फर्जी दस्तावेजों, बैंक लेन-देन और मुआवजा वितरण की परतें एक-एक कर खुलती चली गईं।

    एसीबी अधिकारियों ने बताया कि इस पूरे घोटाले का कथित मास्टरमाइंड जय निवास पांडेय उर्फ शास्त्री है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए बिहार और उत्तर प्रदेश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

    शास्त्री पर आरोप है कि उसने भू-अर्जन प्रक्रिया में शामिल कुछ अधिकारियों, दलालों और फर्जी लाभार्थियों के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से मुआवजा राशि की बंदरबांट की।

    जांच में यह भी सामने आया है कि निरसा निवासी बप्पी राय चौधरी केवल धनबाद रिंग रोड भू-अर्जन मुआवजा घोटाले तक सीमित नहीं है, बल्कि वह एसीबी में दर्ज कांड संख्या 15/17 (एमपीएल मुआवजा घोटाला) का भी प्रमुख आरोपी है। एसीबी दोनों मामलों की समानांतर जांच कर रही है।

    सूत्रों के अनुसार बप्पी के खिलाफ कई ठोस सबूत मिले हैं, जिनमें फर्जी डीड पेपर तैयार कराने, जमीन के कागजात में हेराफेरी और मुआवजा राशि को विभिन्न खातों में ट्रांसफर कराने के प्रमाण शामिल हैं।

    एसीबी की जांच में चौंकाने वाला खुलासा यह भी हुआ है कि रिंग रोड मुआवजा घोटाले में कम से कम एक दर्जन फर्जी डीड के आधार पर सरकारी मुआवजा उठाया गया। इस प्रक्रिया के दौरान कई बैंक खातों में करोड़ों रुपये जमा कराए गए, जिन्हें बाद में सभी आरोपितों ने आपस में मिलकर निकाल लिया। अब एसीबी उन खातों की विस्तृत जांच कर रही है और अवैध रूप से अर्जित की गई राशि को जब्त करने की प्रक्रिया भी शुरू करने की तैयारी में है।

    सूत्रों का कहना है कि आने वाले दिनों में यह घोटाला और बड़ा रूप ले सकता है, क्योंकि जांच के दायरे में कुछ और प्रभावशाली नामों के आने की संभावना से इन्कार नहीं किया जा रहा। एसीबी अधिकारियों ने साफ संकेत दिया है कि दोषी चाहे जितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे कानून के शिकंजे से बाहर नहीं रहने दिया जाएगा।

    बहरहाल रिंग रोड जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट में हुए इस घोटाले ने प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी नजरें एसीबी की अगली कार्रवाई और फरार आरोपितों की गिरफ्तारी पर टिकी हुई हैं।

    Ranchi Darpanhttp://ranchidarpan.com
    वरीय पत्रकार मुकेश भारतीय (Mukesh Bhartiy) पिछले 35 वर्षों से समाचार लेखक, संपादक और संचार विशेषज्ञ के रूप में सक्रिय हैं। उन्हें समसामयिक राजनीतिक घटनाओं, सामाजिक मुद्दों और क्षेत्रीय समाचारों पर गहरी समझ और विश्लेषणात्मक अनुभव है। उनका उद्देश्य ताज़ा खबरें, विश्वसनीय रिपोर्टिंग और प्रासंगिक दृष्टिकोण को पाठकों तक ईमानदारी से पहुँचाना है। एक्सपर्ट मीडिया न्यूज़ (Expert Media News) सर्विस द्वारा प्रकाशित-प्रसारित राँची दर्पण (Ranchi Darpan) के माध्यम से वे राजधानी राँची और उसके आसपास से जुड़ी स्थानीय खबरें, प्रशासनिक मुद्दे एवं राजनीतिक विश्लेषण प्रस्तुत करते हैं। वे मानते हैं कि स्थानीय पत्रकारिता का उद्देश्य केवल खबर देना नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी, प्रमाण और जनहित के साथ सामने रखना है। ताकि एक स्वस्थ समाज और स्वच्छ व्यवस्था की परिकल्पना साकार हो सके।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

    अन्य खबरें

    टॉप ट्रेंडिंग

    error: Content is protected !!