बुंडूआस-पासखेती-बारीफीचर्ड

हुमटा पंचायत को नशामुक्त बनाने की पहल, अवैध पोस्ता की खेती छोड़ सब्जी उत्पादन अपनाएं किसान

थाना प्रभारी के वैधानिक नोटिस के बाद ग्राम सभा में अवैध पोस्ता की खेती पर हुई चर्चा, ग्रामीणों ने सिंचाई, रोजगार और जंगली जानवरों से फसल नुकसान की समस्या उठाई।

बुंडू (रांची दर्पण)। रांची जिले के बुंडू प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत हुमटा में रविवार को झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा 2026 के अवसर पर मुखिया श्रीमती द्रौपती देवी की अध्यक्षता में विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, ग्राम प्रधान एवं ग्रामीण शामिल हुए। बैठक में पंचायत का समग्र विकास करने, आजीविका के साधनों को मजबूत बनाने और हुमटा को नशामुक्त पंचायत बनाने पर चर्चा की गई।

बैठक में सोमरा मुंडा ने डिजिटल क्रॉप सर्वे की जानकारी देते हुए बताया कि इसके माध्यम से खेतों में लगी फसलों का डिजिटल आंकड़ा तैयार किया जाता है, जिससे कृषि योजनाओं, फसल बीमा और किसानों को मिलने वाली सुविधाओं में मदद मिलती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि डिजिटल क्रॉप सर्वे और जमीन सर्वे अलग-अलग प्रक्रियाएं हैं। साथ ही बेमौसम बारिश से फसल नुकसान की स्थिति में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की हेल्पलाइन 14447 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी।

अवैध पोस्ता की खेती पर हुई चर्चाः बैठक में मुखिया द्रौपती देवी ने बताया कि प्रखंड स्तर की बैठक में हुमटा पंचायत में बड़े पैमाने पर पोस्ता की खेती का मामला उठाया गया था। इसके बाद सोमरा मुंडा ने बुंडू थाना द्वारा जारी वैधानिक नोटिस को पढ़कर सुनाया। नोटिस में NDPS Act, 1985 की धारा 47 के तहत अवैध अफीम (पोस्ता), गांजा आदि की खेती की जानकारी संबंधित थाना या सक्षम अधिकारी को देने तथा ग्रामीणों के बीच जागरूकता फैलाने की जिम्मेदारी बताई गई।

इस दौरान अरुण मुंडा ने कहा कि क्षेत्र में सिंचाई की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने, रोजगार के सीमित साधनों और जंगली हाथियों एवं सूअरों से फसल बर्बाद होने के कारण किसान आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। फसल नुकसान पर समय से मुआवजा नहीं मिलने से भी किसानों की परेशानी बढ़ती है। उन्होंने कहा कि केवल कानूनी चेतावनी से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि सिंचाई, रोजगार और वैकल्पिक आजीविका के साधन उपलब्ध कराने होंगे।

सब्जी उत्पादन और वैकल्पिक रोजगार पर मुखिया का जोरः मुखिया श्रीमती द्रौपती देवी ने किसानों से अवैध पोस्ता की खेती छोड़कर सब्जी उत्पादन अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसान व्यक्तिगत या सामूहिक समूह बनाकर अधिक से अधिक सब्जियों की खेती करें, ताकि उनकी आमदनी बढ़े और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हो। उन्होंने किसानों को फसल बीमा से जोड़ने तथा नुकसान होने पर संबंधित विभाग और प्रशासन के समक्ष लिखित शिकायत करने की बात कही।

उन्होंने G RAM G के माध्यम से वैकल्पिक रोजगार उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। मुखिया ने ग्रामीणों से सामूहिक रूप से काम की मांग करने के लिए आवेदन देने की अपील की और कहा कि पंचायत स्तर से ग्रामीणों की समस्याओं को प्रखंड प्रशासन के समक्ष रखा जाएगा।

नियमित ग्राम सभा और पारदर्शी योजनाओं की मांगः जाड़ेया ग्राम के ग्राम प्रधान ने कहा कि पंचायत के विकास में सभी गांवों और टोलों की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए नशे और अवैध खेती से दूर रहने की अपील की। वहीं बारूहातु के ग्राम प्रधान दुलाल मुंडा ने ग्राम सभा में पारित योजनाओं के क्रियान्वयन में देरी और लाभुकों के नाम बदलने का मुद्दा उठाया। उन्होंने प्रत्येक महीने नियमित ग्राम सभा आयोजित करने और योजनाओं में लाभुकों का चयन पारदर्शी तरीके से करने का सुझाव दिया।

बैठक में पंचायत सेवक स्वयं सेवक मंत्री ने प्रधानमंत्री आवास एवं अबुआ आवास योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना में पात्र लाभुकों को 1.20 लाख रुपये तथा अबुआ आवास योजना में 2 लाख रुपये की सहायता का प्रावधान है। दोनों योजनाओं में नियमानुसार मनरेगा मजदूरी का लाभ भी दिया जाता है।

ग्राम प्रधानों को किया गया सम्मानित, नशामुक्त पंचायत बनाने का जागरूकता कार्यक्रम पर अनुरोधः झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर मुखिया द्रौपती देवी ने पंचायत के विभिन्न गांवों के ग्राम प्रधानों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि हुमटा पंचायत को नशामुक्त बनाना केवल प्रशासन या जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी ग्रामीणों की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए पंचायत के सभी गांवों एवं टोलों में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

Ranchi Darpan

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय पिछले तीन दशक से राजनीति, अर्थ, अधिकार, प्रशासन, पर्यावरण, पर्यटन, धरोहर, खेल, मीडिया, कला, संस्कृति, मनोरंजन, रोजगार, सरकार आदि को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर बतौर कंटेंट राइटर-एडिटर सक्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.