Wednesday, February 11, 2026
अन्य

    रांची में भारत-दक्षिण अफ्रीका वनडे मैच की तैयारियां जोरों पर

    रांची दर्पण डेस्क। झारखंड की राजधानी रांची में आगामी 30 नवंबर 2025 को होने वाले भारत-दक्षिण अफ्रीका वनडे मैच की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो चुकी हैं। इस बहुप्रतीक्षित अंतर्राष्ट्रीय मैच के आयोजन को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए रांची उपायुक्त कार्यालय कक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य क्रिकेट मैच के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को सुनिश्चित करना था।

    बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, पुलिस अधीक्षक पारस राणा, पुलिस अधीक्षक यातायात, अनुमंडल पदाधिकारी उत्कर्ष कुमार, झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, सचिव सौरभ तिवारी सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी और JSCA के पदाधिकारी उपस्थित थे। इस दौरान अपेक्षित भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया।

    बैठक में यह सुनिश्चित करने पर बल दिया गया कि मैच के दिन दर्शकों और खिलाड़ियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए निम्नलिखित बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई:

    विधि-व्यवस्था: दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की योजना बनाई गई ताकि स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों में शांति और व्यवस्था बनी रहे।

    यातायात प्रबंधन: भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए यातायात पुलिस को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए। वैकल्पिक मार्गों और पार्किंग व्यवस्था पर भी विचार-विमर्श हुआ।

    अन्य व्यवस्थाएं: स्टेडियम में प्रवेश और निकास के लिए सुचारु व्यवस्था, आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता और दर्शकों के लिए सुविधाओं पर भी ध्यान दिया गया।

    रांची के उपायुक्त मंजू भजंत्री ने आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन JSCA को हर संभव सहयोग प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि यह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच न केवल खेल प्रेमियों के लिए यादगार बने, बल्कि रांची की छवि एक उत्कृष्ट मेजबान के रूप में और मजबूत हो। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि वे अपनी तैयारियां समयबद्ध और व्यवस्थित रूप से पूरी करें।

    JSCA के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव ने जिला प्रशासन के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की समन्वित तैयारियां आयोजन की सफलता की गारंटी हैं। हमारा प्रयास है कि रांची में होने वाला यह वनडे मैच विश्व स्तर पर सराहा जाए।

    वहीं JSCA के सचिव सौरभ तिवारी ने स्टेडियम की तैयारियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्टेडियम में बैठने की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था और अन्य सुविधाओं को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है।

    बहरहाल, प्रस्तावित यह वनडे मैच रांची के लिए न केवल एक खेल आयोजन है, बल्कि शहर की वैश्विक पहचान को और मजबूत करने का एक अवसर भी है। JSCA स्टेडियम धुर्वा पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय मैचों की मेजबानी कर चुका है और इस बार भी यह अपनी शानदार मेजबानी के लिए तैयार है। खेल प्रेमियों में इस मैच को लेकर अभी से काफी उत्साह हैं और प्रशासन व JSCA की संयुक्त कोशिशें इसे एक अविस्मरणीय अनुभव बनाने की दिशा में हैं।

    Ranchi Darpanhttp://ranchidarpan.com
    वरीय पत्रकार मुकेश भारतीय (Mukesh Bhartiy) पिछले 35 वर्षों से समाचार लेखक, संपादक और संचार विशेषज्ञ के रूप में सक्रिय हैं। उन्हें समसामयिक राजनीतिक घटनाओं, सामाजिक मुद्दों और क्षेत्रीय समाचारों पर गहरी समझ और विश्लेषणात्मक अनुभव है। उनका उद्देश्य ताज़ा खबरें, विश्वसनीय रिपोर्टिंग और प्रासंगिक दृष्टिकोण को पाठकों तक ईमानदारी से पहुँचाना है। एक्सपर्ट मीडिया न्यूज़ (Expert Media News) सर्विस द्वारा प्रकाशित-प्रसारित राँची दर्पण (Ranchi Darpan) के माध्यम से वे राजधानी राँची और उसके आसपास से जुड़ी स्थानीय खबरें, प्रशासनिक मुद्दे एवं राजनीतिक विश्लेषण प्रस्तुत करते हैं। वे मानते हैं कि स्थानीय पत्रकारिता का उद्देश्य केवल खबर देना नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी, प्रमाण और जनहित के साथ सामने रखना है। ताकि एक स्वस्थ समाज और स्वच्छ व्यवस्था की परिकल्पना साकार हो सके।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

    अन्य खबरें

    टॉप ट्रेंडिंग