बालूमाथ से रांची तक अफीम की खेप, पहली ही डील में धरा गया तस्कर

रांची दर्पण डेस्क। राजधानी रांची में मादक पदार्थों की तस्करी पर शिकंजा कसते हुए लोअर बाजार पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। डंगराटोली चौक के पास नियमित चेकिंग के दौरान पुलिस ने अफीम की तस्करी करते हुए एक युवक को रंगेहाथ गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपी की पहचान जुबैर अंसारी (30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत बालू बस्ती का रहने वाला बताया गया है।

पुलिस के अनुसार संदेह के आधार पर जब आरोपी की बैग की तलाशी ली गई तो उसमें से कुल 3.785 किलो अफीम बरामद की गई। इसके अलावा आरोपी के पास से 2,300 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। बरामद अफीम की अनुमानित कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।

इस संबंध में सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने कई अहम खुलासे किए हैं। जुबैर अंसारी ने स्वीकार किया कि वह पहले कोलकाता के एक होटल में काम करता था, लेकिन अधिक पैसे कमाने के लालच में वह अफीम तस्करी के धंधे से जुड़ गया। यह उसकी पहली खेप थी, जिसे बेचने के लिए वह रांची आया था।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि बालूमाथ निवासी उसके दोस्त देशू गंझू ने उसे अफीम रांची पहुंचाने को कहा था। योजना के तहत कांटाटोली इलाके में किसी अज्ञात व्यक्ति को अफीम सौंपनी थी। इसके लिए देशू गंझू ने एक मोबाइल नंबर भी दिया था, लेकिन उससे पहले ही डंगराटोली चौक पर पुलिस की चेकिंग में वह पकड़ा गया।

लोअर बाजार थाना में इस मामले को लेकर एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। प्राथमिकी में जुबैर अंसारी के अलावा देशू गंझू और अन्य अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस अब मोबाइल कॉल डिटेल्स और नेटवर्क की कड़ियों को खंगालते हुए तस्करी के पूरे गिरोह तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राजधानी में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की गिरफ्त में आरोपी और जब्त अफीम की तस्वीरें भी जांच के दौरान सुरक्षित की गई हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Ranchi Darpanhttps://ranchidarpan.com
वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय पिछले तीन दशक से राजनीति, अर्थ, अधिकार, प्रशासन, पर्यावरण, पर्यटन, धरोहर, खेल, मीडिया, कला, संस्कृति, मनोरंजन, रोजगार, सरकार आदि को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर बतौर कंटेंट राइटर-एडिटर सक्रिय हैं।
जुड़ी खबरें

सर्वजन खबरें