रांची दर्पण डेस्क। रांची शहर की ट्रैफिक समस्या से जूझ रही जनता के लिए राहत भरी खबर है। कांटाटोली से बूटी मोड़ तक एक नया कनेक्टिंग फ्लाइओवर बनाया जाएगा, जो सीधे कांटाटोली फ्लाइओवर से जुड़ा रहेगा।
इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि वाहनों को नीचे उतरने की जरूरत नहीं पड़ेगी और ट्रैफिक निर्बाध रूप से फ्लाइओवर पर ही आगे बढ़ सकेगा। यह फ्लाइओवर सिरमटोली–कांटाटोली फ्लाइओवर की तर्ज पर तैयार किया जाएगा।
पथ निर्माण विभाग ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए 65.65 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।
डीपीआर का काम क्षेत्र सर्वेक्षण प्रमंडल अग्रिम योजना की ओर से कराया जाएगा, जिसके लिए कंसल्टेंट का चयन किया जाएगा। डीपीआर में भूमि अर्जन, यूटिलिटी शिफ्टिंग, पुराने कलवर्ट और पुलों को हटाने, साथ ही पुनर्वास और पुनर्स्थापन से जुड़ी समग्र रिपोर्ट भी शामिल होगी।
दरअसल, विभाग ने बूटी मोड़ से कोकर होते हुए कांटाटोली चौक तक ट्रैफिक सर्वे कराया था। सर्वे रिपोर्ट में साफ सामने आया कि इस मार्ग पर वाहनों का दबाव अत्यधिक है। हाल ही में बनी सड़क भी इस ट्रैफिक बोझ को संभालने में नाकाम साबित हो रही है।
मार्ग के दोनों ओर कई बड़े अस्पताल और घनी आबादी होने के कारण यहां रोजाना जाम की स्थिति बन रही है। इसी समस्या को देखते हुए फ्लाइओवर निर्माण की योजना को हरी झंडी दी गई।
इंजीनियरों की राय है कि भविष्य की जरूरतों को देखते हुए फ्लाइओवर को मेसरा तक बढ़ाया जाना चाहिए, लेकिन फिलहाल बूटी मोड़ तक डीपीआर बनाकर योजना को स्वीकृत कराने की तैयारी है। इसे रांची का नौवां फ्लाइओवर माना जा रहा है।
गौरतलब है कि इससे पहले राज्य सरकार कांटाटोली फ्लाइओवर और सिरमटोली फ्लाइओवर का निर्माण करा चुकी है। इसके बाद कांटाटोली–सिरमटोली कनेक्टिंग फ्लाइओवर का काम शुरू हुआ। आगे अरगोड़ा फ्लाइओवर और करमटोली–चिरौंदी फ्लाइओवर की योजना है।
सातवें फ्लाइओवर के रूप में करमटोली से बरियातू रोड पर सेवन डे अस्पताल तक डीपीआर तैयार कराया जा चुका है, जबकि रातू रोड फ्लाइओवर का निर्माण एनएचएआई ने किया है।
कुल मिलाकर कांटाटोली से बूटी मोड़ तक बनने वाला यह कनेक्टिंग फ्लाइओवर न सिर्फ ट्रैफिक जाम से राहत दिलाएगा, बल्कि रांची के शहरी यातायात को एक नई रफ्तार भी देगा। शहरवासियों को अब उम्मीद है कि आने वाले दिनों में रांची की सड़कों पर सफर थोड़ा आसान और सुगम होगा।








