हेमंत सरकार और पंजाब नैशनल बैंक के बीच MoU, कर्मचारियों के वेतन खाता पैकेज का समझौता

रांची दर्पण डेस्क। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन झारखंड सरकार और पंजाब नेशनल बैंक के बीच राज्य कर्मचारियों के वेतन खाता पैकेज को लेकर समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। यह समारोह झारखंड मंत्रालय स्थित सभागार में आयोजित हुआ, जहां सरकार और बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में इस साझेदारी को औपचारिक रूप दिया गया

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यह MoU केवल एक औपचारिक समझौता नहीं, बल्कि राज्य सरकार और बैंकिंग संस्थान के बीच सहयोग का नया अध्याय है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार में कार्यरत हजारों कर्मचारियों की आर्थिक गतिविधियों की कड़ी में बैंक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। वेतन भुगतान, पेंशन, ऋण सुविधाएं और डिजिटल लेन-देन जैसी सेवाओं में बैंकिंग व्यवस्था की पारदर्शिता और दक्षता सीधे कर्मचारियों के जीवन को प्रभावित करती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के दौर में बैंक केवल लेन-देन का माध्यम नहीं, बल्कि आर्थिक विकास के साझेदार बन चुके हैं। व्यवसाय, कृषि, ग्रामीण विकास और स्वरोजगार योजनाओं में बैंकों की सक्रिय भागीदारी राज्य की अर्थव्यवस्था को गति देती है।

उन्होंने भरोसा जताया कि पंजाब नेशनल बैंक राज्य सरकार के साथ मिलकर अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करेगा और कर्मचारियों को बेहतर बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।

क्या मिलेगा वेतन खाता पैकेज में?  सूत्रों के अनुसार इस विशेष वेतन खाता पैकेज के अंतर्गत राज्य कर्मियों को कई आधुनिक सुविधाएं प्रदान की जाएंगी, जिनमें शून्य शेष (Zero Balance) खाता सुविधा, आकर्षक ब्याज दरों पर व्यक्तिगत ऋण, ओवरड्राफ्ट सुविधा, बीमा एवं अन्य सामाजिक सुरक्षा लाभ, डिजिटल बैंकिंग और प्रीमियम डेबिट कार्ड सेवाएं शामिल हो सकती हैं।

इस समझौते से कर्मचारियों को न केवल वेतन भुगतान की प्रक्रिया में सरलता मिलेगी, बल्कि वित्तीय सेवाओं तक उनकी पहुंच भी मजबूत होगी।

समन्वय से मिलेगा व्यापक लाभः मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार और बैंक के बीच बेहतर समन्वय का सीधा लाभ न केवल सरकारी कर्मचारियों बल्कि आम जनमानस को भी मिलेगा।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि इससे पूर्व राज्य सरकार ने अन्य बैंकों के साथ भी MoU किए हैं, जिनके अनुरूप योजनाओं को सफलतापूर्वक लागू किया जा रहा है।

गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थितिः इस अवसर पर मंत्री राधाकृष्ण किशोर, डॉ. इरफान अंसारी, संजय प्रसाद यादव, दीपिका पांडेय सिंह, शिल्पी नेहा तिर्की, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, पंजाब नेशनल बैंक के महाप्रबंधक आशीष कुमार चतुर्वेदी, मंडल प्रमुख रांची अवधेश झा, उप मंडल प्रमुख राकेश कुमार श्रीवास्तव सहित राज्य सरकार एवं बैंक के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने समारोह में उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह साझेदारी राज्य के प्रशासनिक ढांचे को और अधिक सशक्त बनाएगी तथा वित्तीय समावेशन की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। समाचार स्रोत:रांची दर्पण डेस्क / मुकेश भारतीय

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

जुड़ी खबरें

सर्वजन खबरें