Ranchi DC Janta Darbar: त्वरित समाधान से पीड़ितों के चेहरों पर दिखा मुस्कान

रांची दर्पण डेस्क। आज रांची उपायुक्त (DC) मंजू भजंत्री आयोजित जनता दरबार (Ranchi DC Janta Darbar) में जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याओं को न केवल सुना गया, बल्कि उनके समाधान के लिए त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। जिला प्रशासन ने एक बार फिर साबित किया कि वह जनता की हर समस्या को सुनने और उसका समाधान करने के लिए पूरी तरह तत्पर है। राजस्व, पेंशन, प्रमाण-पत्र, भूमि विवाद और सामाजिक कल्याण जैसे विविध मुद्दों पर प्राप्त शिकायतों का निपटारा तेजी से किया गया।
भू-माफियाओं से बची जमीनः रामेश्वर कुमार यादव ने शहर अंचल के करमटोली में खरीदी अपनी जमीन का म्यूटेशन कराने के लिए साल 2020 से संघर्ष कर रहे थे। इस दौरान भू-माफियाओं ने फर्जी डीड बनाकर उनकी जमीन को किसी और को बेचने की कोशिश की।
जनता दरबार में अपनी फरियाद रखने के बाद, संबंधित अंचल अधिकारी को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया गया। नतीजा? रामेश्वर की जमीन का म्यूटेशन पूरा हुआ, और उनकी जमीन भू-माफियाओं के चंगुल से बच गई।
रामेश्वर कुमार यादव ने कहा कि मेरी जमीन का म्यूटेशन हो गया। भू-माफियाओं से मेरी जमीन बच गई। आपका बहुत-बहुत धन्यवाद!
कांके अंचल में फर्जी दस्तावेज का मामला उजागरः जनता दरबार में कांके अंचल के मौजा मदनपुर में एक गंभीर मामला सामने आया, जहां मिलीभगत से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जमीन हड़पने की कोशिश की गई।
आवेदक ने बताया कि फर्जी म्यूटेशन के जरिए उनकी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास हुआ। साथ ही उन्हें और उनके परिवार को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर भयभीत किया गया। उपायुक्त ने तत्काल इस मामले की जांच के लिए संबंधित अधिकारी को नियमसंगत कार्रवाई का आदेश दिया।
म्यूटेशन में देरी पर सख्तीः रंजीत मोहन ने 31 मार्च 2025 को अपनी जमीन के म्यूटेशन के लिए आवेदन दिया था, लेकिन निर्धारित समय-सीमा बीतने के बाद भी उनकी फाइल आगे नहीं बढ़ी। कर्मचारी द्वारा टाल-मटोल का रवैया अपनाने की शिकायत लेकर रंजीत जनता दरबार पहुंचे।
उपायुक्त ने तुरंत संबंधित कर्मचारी को शो-कॉज नोटिस जारी करने और एक सप्ताह के भीतर म्यूटेशन की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया। साथ ही, ऐसा न होने पर प्रपत्र-क गठित करने की चेतावनी दी गई।
आर्थिक सहायता का भरोसाः रामवृक्ष उरांव अपनी बेटी की शादी के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर जनता दरबार पहुंचे। उनकी बेटी की शादी इसी महीने होने वाली है।
उपायुक्त ने तत्काल जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को फोन कर मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत रामवृक्ष को सहायता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। यह कदम न केवल उनकी आर्थिक मदद करेगा, बल्कि उनकी बेटी के विवाह को भी यादगार बनाएगा।
मुआवजा पर त्वरित कार्रवाई का निर्देशः एक आवेदक ने सड़क दुर्घटना में अपने बेटे की मृत्यु के बाद प्राकृतिक आपदा के तहत मुआवजा भुगतान की मांग की। पूरे मामले और दस्तावेजों की जानकारी लेने के बाद जिला परिवहन पदाधिकारी को जनता दरबार में बुलाया गया और मुआवजा भुगतान के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
ग्राम प्रधान संघ की समस्या का समाधानः ग्राम प्रधान संघ, अनगड़ा के सदस्यों ने जनता दरबार में बताया कि पिछले एक वर्ष से ग्राम प्रधानों को भुगतान नहीं हो रहा। उपायुक्त ने कोषागार पदाधिकारी (टीओ) को तलब किया और मामले की अद्यतन स्थिति जानी। टीओ ने बताया कि गलत IFSC कोड के कारण भुगतान अटका था। उपायुक्त ने तुरंत इसे सुधारने और भुगतान सुनिश्चित करने का आदेश दिया।
नशे के खिलाफ जागरूकता अभियानः जनता दरबार में लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। उपायुक्त ने अपील की कि लोग अपने आसपास नशे का कारोबार या मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की जानकारी तुरंत अबुआ साथी पर साझा करें।
इसके साथ ही महिला आवेदकों से मंईयां सम्मान योजना के लाभ के बारे में जानकारी ली गई, ताकि यह सुनिश्चित हो कि सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंच रहा है।
जनता दरबार में बढ़ती भागीदारीः आज के जनता दरबार में जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं के साथ पहुंचे। राजस्व, पेंशन, प्रमाण-पत्र, स्थानांतरण, भूमि पर अवैध कब्जा और जमीन की अवैध बिक्री जैसे मुद्दों पर शिकायतें प्राप्त हुईं। सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को अग्रसारित करते हुए त्वरित जांच और समाधान के लिए सख्त निर्देश दिए गए।