रांची दर्पण डेस्क। फलों के राजा आम ने बाजार में दस्तक दे दी है। अब दक्षिण भारत का लालमुनी (ललमुनिया) आम उपलब्ध है। इसकी कीमत अधिक होने के कारण यह आम अभी बड़े फलों की दुकानों की शोभा बना हुआ है।
हालांकि शौकिया ग्राहक ही इसकी खरीदारी कर रहे हैं। बाजार में यह आम 300 से 320 रुपये प्रति किलो की दर से बिक रहा है। आम में अच्छी मिठास बतायी जा रही है।
फल विक्रेताओं के अनुसार फरवरी तक इसकी कीमत में गिरावट की उम्मीद है। मार्च से आम की अन्य किस्में बाजार में पहुंचने लगेंगी। अप्रैल तक कई किस्में उपलब्ध हो जायेंगी।
महानगरों में तोतापरी, बैंगनपल्ली व हमाम जैसी किस्में आ चुकी हैं, लेकिन कीमत अधिक होने के कारण उन्हें यहां नहीं मंगाया गया है। आम बेंगलुरु से सीधे बाजार में आ रहा है।
सेब का मौसम समाप्त होने के कारण अभी कोल्ड स्टोरेज का सेब बाजार में आ रहा है। वर्तमान में सेब 120-200 रुपये प्रति किलो, बड़ा सेब 250-280 रुपये और विदेशी सेब 300- 360 रुपये किलो की दर से बिक रहा है। संतरा पहली फसल खत्म होने से बाजार से गायब है।
