Home अपराध बीआईटी मेसरा फायरिंग मामले में पांचा के अमन-विशाल समेत राहुल गैंग के...

बीआईटी मेसरा फायरिंग मामले में पांचा के अमन-विशाल समेत राहुल गैंग के 5 गुर्गे गिरफ्तार

रांची दर्पण डेस्क। रांची के बीआईटी मेसरा क्षेत्र में कार शोरूम के पास हुई हवाई फायरिंग की घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए राहुल सिंह गिरोह के पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक बाइक, छह मोबाइल फोन सहित अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए हैं।

सिटी एसपी पारस राणा ने प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार अपराधियों में ओरमांझी के पाचा निवासी अमन ठाकुर, विशाल मुंडा, हजारीबाग के बड़कागांव (असवा) निवासी करन कुमार उरांव, रामगढ़ के कुज्जू निवासी सेंटू सिंह तथा रामानंद कुमार शामिल हैं। सभी आरोपी राहुल सिंह गिरोह से जुड़े बताए जा रहे हैं और क्षेत्र में रंगदारी व दहशत फैलाने की गतिविधियों में सक्रिय थे।

रंगदारी नहीं मिली तो की फायरिंगः पुलिस के अनुसार गत 4 फरवरी की शाम करीब पांच बजे विकास अस्पताल के समीप स्थित एक कार शोरूम के पास बाइक सवार अपराधियों ने हवाई फायरिंग की थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि शोरूम संचालक से रंगदारी की मांग की गई थी। रकम नहीं मिलने पर इलाके में दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग की गई। घटना के बाद सदर (मेसरा) थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाईः 17 फरवरी को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मुख्य आरोपी अमन ठाकुर कोकर स्थित सुंदर विहार में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर विशेष टीम का गठन किया गया और त्वरित कार्रवाई करते हुए अमन को हिरासत में ले लिया गया। उसकी निशानदेही पर पाचा इलाके में छापेमारी कर हथियार और अन्य सामान बरामद किए गए। इसके बाद करन कुमार उरांव, विशाल मुंडा, सेंटू सिंह और रामानंद कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

इस कार्रवाई में सदर डीएसपी संजीव बेसरा, थाना प्रभारी कुलदीप कुमार तथा बीआईटी ओपी प्रभारी अजय कुमार दास की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

गिरोह पर पुलिस की नजरः सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपियों का आपराधिक इतिहास क्या रहा है और हाल के दिनों में किन-किन घटनाओं में उनकी संलिप्तता रही है।

बीआईटी मेसरा क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग से स्थानीय व्यवसायियों में दहशत का माहौल था, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से लोगों ने राहत की सांस ली है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि रंगदारी और अपराध पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।

समाचार स्रोत : मुकेश भारतीय / मीडिया रिपोर्ट्स

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

error: Content is protected !!
Exit mobile version