इरबा में नकली शराब फैक्ट्री का बड़ा खुलासा, 30 हजार लीटर स्प्रिट बरामद, गोदाम सील

इरबा के बंद गोदाम में उत्पाद विभाग की छापेमारी, छह सिंटेक्स टैंक और हजारों जार बरामद; नेटवर्क की जांच तेज

ओरमांझी (रांची दर्पण)। रांची जिले के इरबा क्षेत्र में नकली शराब निर्माण के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए उत्पाद विभाग की टीम ने बंद गोदाम में छापेमारी कर भारी मात्रा में स्प्रिट और शराब बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। यह कार्रवाई सहायक आयुक्त उत्पाद रांची के निर्देश पर गुप्त सूचना के आधार पर की गई।

30 हजार लीटर स्प्रिट और हजारों जार जब्तः जानकारी के अनुसार उत्पाद विभाग की टीम ने अपराह्न करीब 11 बजे इरबा स्थित एक बंद गोदाम पर छापा मारा। गोदाम से छह बड़े सिंटेक्स टैंक एवं जार में लगभग 30 हजार लीटर स्प्रिट, एक हजार से अधिक खाली जार तथा शराब निर्माण में प्रयुक्त विभिन्न उपकरण बरामद किए गए। जब्त सामग्री को आगे की जांच के लिए रांची ले जाया गया है।

उत्पाद विभाग के एसआई दिलीप कुमार शर्मा ने बताया कि विभाग को इरबा में अवैध शराब के बड़े पैमाने पर निर्माण और आपूर्ति की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के बाद विशेष टीम गठित कर योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की गई।

टैंकर से आती थी स्प्रिट, छोटे वाहनों से होती थी सप्लाईः प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि इरबा स्थित जमीन स्थानीय निवासी एहसान अंसारी की है। उक्त जमीन को ग्राम मनुवा फूलसराय, मांडू, जिला रामगढ़ निवासी मो. असलम खान ने किराये पर लिया था।

बताया जा रहा है कि आरोपी ने मोबिल के व्यवसाय के नाम पर गोदाम तैयार कराया था, जबकि अंदर अवैध शराब निर्माण की सामग्री संग्रहीत की जाती थी।

सूत्रों के अनुसार आरोपी टैंकर के माध्यम से भारी मात्रा में स्प्रिट मंगवाता था और आवश्यकता अनुसार उसे जार में भरकर छोटे वाहनों से विभिन्न स्थानों पर पहुंचाता था, जहां अवैध शराब तैयार की जाती थी। इससे जिले में अवैध शराब के एक संगठित नेटवर्क के सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है।

जमीन मालिक के पुत्र से पूछताछः छापेमारी के दौरान गोदाम के बाहर ताला बंद पाया गया। इसके बाद जांच टीम जमीन मालिक के घर पहुंची और उसके पुत्र साऊद अंसारी से पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि असलम खान पिछले लगभग एक वर्ष से उक्त जमीन किराये पर लेकर गोदाम संचालित कर रहा था।

उत्पाद पुलिस निरीक्षक प्रकाश मिश्रा ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। संबंधित व्यक्तियों की भूमिका, आपूर्ति श्रृंखला तथा संभावित नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है। गोदाम को सील कर दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

अवैध शराब कारोबार पर कड़ा रुखः इस कार्रवाई को जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। उत्पाद विभाग का कहना है कि ऐसे धंधों पर सख्ती से अंकुश लगाने के लिए आगे भी लगातार छापेमारी अभियान चलाया जाएगा।

समाचार स्रोत: मीडिया रिपोर्ट्स

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Ranchi Darpanhttps://ranchidarpan.com
वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय पिछले तीन दशक से राजनीति, अर्थ, अधिकार, प्रशासन, पर्यावरण, पर्यटन, धरोहर, खेल, मीडिया, कला, संस्कृति, मनोरंजन, रोजगार, सरकार आदि को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर बतौर कंटेंट राइटर-एडिटर सक्रिय हैं।
जुड़ी खबरें

सर्वजन खबरें