रांची पुलिस को कर्नाटक में मिली हिंदपीढ़ी से गायब दो बहनें

रांची दर्पण डेस्क। राजधानी रांची के हिंदपीढ़ी से लापता हुईं दो बहनें रहनुमा परवीन और अमरीना परवीन, आखिरकार कर्नाटक से सुरक्षित बरामद कर ली गईं है। पुलिस के अनुसार दोनों को आज देर शाम तक रांची लाया जाएगा। जिसके बाद उनकी कहानी और इस रहस्यमयी घटना का पूरा सच सामने आ सकेगा।

शनिवार की दोपहर 12:30 बजे, दोनों बहनें आधार कार्ड अपडेट कराने के लिए अपने घर से निकली थीं। परिजनों के अनुसार वे कांटाटोली स्थित मंगल टावर के लिए निकली थीं। दोपहर 1:20 बजे उनके पिता के मोबाइल पर रहनुमा का एक फोन आया। रहनुमा रोते हुए कह रही थीं कि ऑटो रिक्शा चालक उनका बैग और फोन छीनने की कोशिश कर रहा है। इसके बाद फोन बंद हो गया और उनसे संपर्क नहीं हो सका।

घबराए परिजनों ने तत्काल हिंदपीढ़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई। हालांकि पुलिस की प्रारंभिक निष्क्रियता से नाराज परिवार ने दबाव बनाया। जिसके बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई शुरू की।

रांची पुलिस ने तकनीकी सेल की मदद से लापता बहनों के मोबाइल का अंतिम लोकेशन ओरमांझी में ट्रेस किया। हालांकि, वहां से भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली। कई घंटे की जांच और प्रयासों के बाद, पुलिस को पता चला कि दोनों बहनें कर्नाटक में हैं। वहां से उन्हें सुरक्षित बरामद कर लिया गया है।

पुलिस अब यह जानने में जुटी है कि रहनुमा और अमरीना आखिर कर्नाटक तक कैसे पहुंचीं। क्या यह मामला अपहरण का है या फिर दोनों किसी षड्यंत्र का शिकार हुईं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

लड़कियों की गुमशुदगी ने पूरे इलाके में हलचल मचा दी थी। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने एसएसपी से घटना की जानकारी ली और 72 घंटे के भीतर दोनों बहनों की सकुशल वापसी का आश्वासन दिया। अब जैसे ही लड़कियां रांची लौटेंगी, पुलिस उनसे पूछताछ कर पूरे मामले का खुलासा करेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

लेटेस्ट न्यूज

टॉप ट्रेंडिंग