रांची दर्पण डेस्क। रांची पुलिस ने खेलगांव थाना क्षेत्र में हुई आशिफ अंसारी की सनसनीखेज हत्या का खुलासा करते हुए प्रेम संबंध, अवैध संबंधों में उत्पन्न अविश्वास और सुपारी किलिंग की साजिश का चौंकाने वाला सच सामने लाया है। इस मामले में पुलिस ने पति-पत्नी समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में इटकी के रानीखटंगा निवासी जोन्सन मिंज, उसकी पत्नी बिउला टोप्पो (वर्तमान पता आनंद विहार कॉलोनी), तुपुदाना के बसारगढ़ निवासी दीपक अग्रवाल, प्रिंस कुमार तथा पुंदाग के कोनार टोली रोड निवासी प्रेम लकड़ा शामिल हैं।
16 साल पुराने प्रेम संबंध बना हत्या का कारणः सदर डीएसपी संजीव बेसरा के अनुसार मृतक आशिफ अंसारी और बिउला टोप्पो के बीच करीब 16 वर्षों से प्रेम संबंध था। शादी के बाद भी दोनों के बीच संपर्क बना रहा, जिससे बिउला के पति जोन्सन मिंज को लगातार आपत्ति थी। उसने कई बार आशिफ को अपनी पत्नी से दूर रहने की चेतावनी दी, लेकिन आशिफ ने संबंध खत्म नहीं किया।
इसी से नाराज होकर जोन्सन मिंज ने अपनी पत्नी के प्रेमी को रास्ते से हटाने की साजिश रची और अपने परिचित दीपक अग्रवाल की मदद से अपराधियों से संपर्क किया।
चार लाख रुपये में तय हुई थी हत्या की सुपारीः पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि जोन्सन मिंज ने आशिफ की हत्या के लिए कुल चार लाख रुपये की सुपारी दी थी। इसमें से प्रिंस कुमार को 1.60 लाख रुपये और प्रेम लकड़ा को 2.40 लाख रुपये दिए गए थे। आरोपियों ने योजना के तहत आशिफ की गोली मारकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद शव की पहचान छुपाने के उद्देश्य से अपराधियों ने मृतक के चेहरे को पत्थर से बुरी तरह कुचल दिया था। ताकि पुलिस और परिजन उसकी पहचान न कर सकें और जांच भटक जाए।
हथियार, वाहन और अन्य साक्ष्य बरामदः पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त एक देसी कट्टा, हत्या में इस्तेमाल की गई बाइक और स्कूटी, खून से सना जैकेट तथा मोबाइल फोन बरामद किया है। इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पूरी साजिश की कड़ियों को जोड़ते हुए मामले का खुलासा किया।
खेलगांव थाना प्रभारी अभिषेक राय ने बताया कि तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल कॉल डिटेल और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
सुनियोजित तरीके से रची गई थी हत्या की साजिशः पुलिस के अनुसार यह हत्या पूरी तरह पूर्व नियोजित थी। जोन्सन मिंज ने अपने दोस्त दीपक अग्रवाल के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई और सुपारी देकर अपराधियों के जरिए वारदात को अंजाम दिलाया।
पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे पहले भी किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल रहे हैं या नहीं।
क्षेत्र में सनसनी, पुलिस की कार्रवाई से लोगों में भरोसाः इस सनसनीखेज खुलासे के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल है। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई और पेशेवर जांच से लोगों में कानून-व्यवस्था के प्रति भरोसा मजबूत हुआ है।
पुलिस ने कहा है कि इस मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ ठोस साक्ष्य जुटा लिए गए हैं और उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत कर कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
समाचार स्रोत: मुकेश भारतीय / मीडिया रिपोर्ट







