सरकारफीचर्डशिक्षा

भीषण शीतलहर की चपेट में झारखंड, 8 जनवरी तक 12वीं तक की पढ़ाई स्थगित

रांची दर्पण डेस्क। झारखंड में लगातार बढ़ती ठंड और शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए राज्य के सभी सरकारी, गैर-सरकारी, सहायता प्राप्त, गैर-सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों में कक्षा प्री-नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक की पढ़ाई 6 जनवरी से 8 जनवरी 2026 तक बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।

यह आदेश झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा जारी किया गया है, जिस पर विभागीय सचिव की स्वीकृति भी प्राप्त है।

सरकारी आदेश में साफ कहा गया है कि शीतलहर और ठंड के लगातार बढ़ते प्रभाव को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। सुबह के समय अत्यधिक ठंड, कोहरे और गिरते तापमान के कारण खासकर छोटे बच्चों के बीमार पड़ने का खतरा बना हुआ है। इसी वजह से प्री-नर्सरी और नर्सरी समेत सभी कक्षाओं को इस अवधि में बंद रखने का निर्णय लिया गया।

हालांकि छात्रों के लिए अवकाश रहेगा, लेकिन सरकारी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मचारी इस अवधि में विद्यालय में अपनी उपस्थिति दर्ज करेंगे। आदेश के अनुसार वे गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करेंगे। जैसे- रिकॉर्ड संधारण, शैक्षणिक योजनाओं की तैयारी, प्रशासनिक कार्य एवं आगामी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़े कार्य।

सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि इस अवधि के दौरान किसी विद्यालय में प्री-बोर्ड या बोर्ड परीक्षा प्रस्तावित है, तो संबंधित सक्षम प्राधिकारी अपने विवेक से परीक्षा संचालन पर निर्णय ले सकते हैं। यानी परीक्षा स्थगित होगी या नहीं, इस पर स्थानीय स्तर पर फैसला लिया जाएगा।

इस प्रस्ताव पर विभागीय सचिव का अनुमोदन प्राप्त होने के बाद यह आदेश जारी किया गया है। आदेश की प्रतिलिपि राज्य के सभी जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक समेत सभी संबंधित विभागों को भेज दी गई है, ताकि इसका सख्ती से पालन हो सके।

शिक्षा विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे इस दौरान बच्चों को घर में सुरक्षित रखें, ठंड से बचाव करें और बिना आवश्यकता के सुबह-शाम बाहर न निकलने दें। वहीं स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिया गया है कि वे आदेश का उल्लंघन न करें।

Jharkhand gripped by a severe cold wave classes up to 12th grade suspended until January 8th
Jharkhand is gripped by a severe cold wave; classes up to 12th grade suspended until January 8th.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

error: Content is protected !!