
रांची दर्पण डेस्क। Ranchi Crime News: राजधानी रांची में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। साइबर अपराधी जहां लोगों के बैंक खातों पर डाका डाल रहे हैं, वहीं दूसरी ओर चेन छिनतई, ड्रग्स तस्करी, लूट, हत्या और मानव तस्करी की घटनाओं ने आमजन को असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर कर दिया है। बीते दिनों हुई अलग-अलग घटनाओं ने पुलिस प्रशासन के सामने गंभीर चुनौती खड़ी कर दी है।
एटीएम में कार्ड फंसा, खाते से उड़ गये 1.08 लाखः
कांके रोड स्थित जतराटांड़ मिसिर गोंदा निवासी पूर्व सीसीएल कर्मी आनंद सोनार के खाते से साइबर अपराधियों ने 1.08 लाख रुपये की निकासी कर ली।
घटना सीएमपीडीआइ गेट के समीप एसबीआइ एटीएम की है। पांच हजार रुपये निकालने के दौरान उनका एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया। उन्होंने 112 हेल्पलाइन पर कॉल किया।
इस बीच पहुंचे सुरक्षाकर्मी ने कार्ड नष्ट करने की बात कही। बाद में पासबुक अपडेट कराने पर बड़ी ठगी का खुलासा हुआ। पीड़ित ने गोंदा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए एसबीआइ मेन ब्रांच में शिकायत दी है।
इसी तरह दीपाटोली कैंट में कार्यरत फौजी आदर्श कुमार शुक्ला की पत्नी उमा शुक्ला के खाते से भी एक लाख रुपये की निकासी कर ली गई। चौंकाने वाली बात यह रही कि न कोई ओटीपी आया, न मैसेज। बैंक ने एटीएम से निकासी की पुष्टि की है। मामला साइबर थाना में दर्ज है।
एटीएम कार्ड बदल 95 हजार की ठगीः
एचईसी कॉलोनी के पटेल नगर निवासी राम बच्चन गुप्ता सेक्टर-2 मार्केट स्थित यूको बैंक एटीएम में पैसा निकालने गये थे। वहां मदद के बहाने एक व्यक्ति ने उनका एटीएम कार्ड बदल दिया और 95 हजार रुपये निकाल लिये। अरगोड़ा थाना क्षेत्र में भी इसी तरह की घटना में अजहरूद्दीन उर्फ अजहर को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है, जो विभिन्न इलाकों में कार्ड बदलकर ठगी करता था।
ड्रग्स और गांजा तस्करी का खुलासाः
रांची पुलिस ने नीदरलैंड से एलएसडी मंगाने के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पार्सल के जरिए ड्रग्स मंगाकर क्रिप्टो करेंसी से भुगतान किया गया था। प्रशिक्षु आईपीएस साक्षी जमुआर और कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय के नेतृत्व में कार्रवाई हुई।
वहीं आरपीएफ ने ऑपरेशन नार्कोस के तहत 16 किलो गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान ओड़िशा के सुंगदगढ़ निवासी मोहन सिंह और यूपी के गाजीपुर निवासी राहुल पांडेय के रूप में हुई है। पुंदाग ओपी पुलिस ने 200 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को भी दबोचा है।
मानव तस्करी विफल, दो बच्चियों का रेस्क्यूः
रांची रेलवे स्टेशन पर ऑपरेशन आहट के तहत आरपीएफ ने सिमडेगा की दो नाबालिग बच्चियों को रेस्क्यू किया। दिल्ली ले जाकर घरेलू कार्य में लगाने की तैयारी थी। आरोपी महिला रेशमा देवी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
चेन छिनतई और लूट की वारदातः
पंडरा ओपी क्षेत्र में लकड़ी टाल के पास बाइक सवार अपराधियों ने महिला के गले से चेन छीन ली। डोरंडा थाना क्षेत्र में भी दो सोने की चेन की छिनतई हुई, जिनकी कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
न्यू खटंगा स्थित ममता स्वीट्स में मिठाई खरीदने के बाद पैसे मांगने पर आरोपी ने पिस्टल तान दी और 25 हजार रुपये व सोने की चेन छीन ली।
हत्या, चाकूबाजी और सड़क हादसेः
लोअर बाजार थाना क्षेत्र में चाकू से हमला कर युवक को गंभीर रूप से घायल किया गया। इटकी में अफसर अंसारी की इलाज के दौरान मौत के बाद ग्रामीणों ने थाना घेराव किया।
नगड़ी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से बेड़ो निवासी दिलीप महली की मौत हो गई। अपर न्याययुक्त श्याम नंदन तिवारी की अदालत ने महिला की हत्या के दोषी सत्यनारायण मुंडा को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।
शिक्षा विभाग में फर्जी प्रमाण पत्र का मामलाः
राज्य के 961 पारा शिक्षकों के प्रमाण पत्र फर्जी संस्थानों से निर्गत होने का खुलासा हुआ है। यह जानकारी स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने विधायक जयराम कुमार महतो के प्रश्न के उत्तर में दी।
मेटास एडवेंटिस्ट स्कूल का लापता छात्र गुजरात में सकुशल बरामदः
मेसरा स्थित मेटास एडवेंटिस्ट स्कूल से लापता 13 वर्षीय छात्र बीरू उरांव आखिरकार गुजरात में सकुशल मिल गया। छात्र 19 फरवरी को स्कूल की छुट्टी के बाद रहस्यमय तरीके से लापता हो गया था।
परिजनों द्वारा सदर थाना में गुमशुदगी दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने तकनीकी जांच और संपर्क सूत्रों के आधार पर खोजबीन शुरू की। जांच के दौरान उसका लोकेशन गुजरात में ट्रेस हुआ, जहां स्थानीय पुलिस के सहयोग से उसे सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
छात्र के सकुशल मिलने से परिवार ने राहत की सांस ली है, वहीं पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
मेसरा के दो नाबालिग छात्र पुरुलिया से बरामद, वार्षिक समारोह के दौरान हुए थे गायबः
मेसरा के एक निजी विद्यालय से कक्षा छह के दो छात्र वार्षिक समारोह के दौरान अचानक गायब हो गये थे। स्कूल परिसर में कार्यक्रम चल रहा था और इसी बीच दोनों छात्रों ने बिना सूचना बाहर निकलने की योजना बनाई। शाम तक जब वे घर नहीं पहुंचे तो परिजनों और स्कूल प्रबंधन में हड़कंप मच गया।
बाद में पश्चिम बंगाल के पुरुलिया में संदिग्ध अवस्था में घूमते देख एक व्यक्ति ने पूछताछ कर उन्हें स्थानीय थाना पहुंचाया। सूचना मिलते ही स्कूल प्रबंधन की टीम पुरुलिया पहुंची और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर दोनों बच्चों को वापस लाया गया। घटना ने स्कूल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
गौरीशंकर नगर में घर का ताला तोड़ 50 हजार नकद व जेवरात की चोरीः
अरगोड़ा थाना क्षेत्र के गौरीशंकर नगर नया बस्ती, कडरू में अपराधियों ने दिनदहाड़े सूने घर को निशाना बनाया। ओलविन होरो के घर का ताला तोड़कर चोर 50 हजार रुपये नकद के साथ सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गये।
घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर स्कूटी सवार दो युवक संदिग्ध रूप से इलाके में घूमते दिखे। बताया जा रहा है कि पहले रेकी की गई, फिर पीछे बैठे युवक ने दीवार फांद कर घर में प्रवेश किया। पुलिस को स्कूटी नंबर की जानकारी भी दी गई है और आरोपियों की तलाश जारी है।
टाटानगर जीआरपी के दो सब-इंस्पेक्टर निलंबित, केस में लापरवाही का आरोपः
रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ी कार्रवाई करते हुए टाटानगर जीआरपी थाना में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर जीत राम उरांव और कमलेश राम को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई रेल डीजी अनिल पालटा के निर्देश पर हुई।
जानकारी के अनुसार एक मारपीट की घटना को सामान्य धारा में दर्ज किया गया था, जबकि जांच में मामला लूटपाट का निकला। केस की गंभीर धाराएं नहीं जोड़ने पर दोनों अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगा और विभागीय कार्रवाई की गई। इस कदम को पुलिस महकमे में सख्ती के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
रांची रेलवे स्टेशन के पास युवती का 60 हजार का मोबाइल चोरीः
रांची रेलवे स्टेशन के समीप एक युवती का करीब 60 हजार रुपये मूल्य का मोबाइल चोरी हो गया। युवती ने चुटिया थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है। घटना उस समय हुई जब वह स्टेशन क्षेत्र में मौजूद थी और भीड़भाड़ का फायदा उठाकर चोरों ने मोबाइल पर हाथ साफ कर दिया।
पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। लगातार बढ़ती मोबाइल चोरी की घटनाओं ने स्टेशन क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है।
बढ़ते अपराध पर सवालः
लगातार सामने आ रही घटनाओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर साइबर अपराध और एटीएम फ्रॉड की घटनाएं आम लोगों की मेहनत की कमाई को निशाना बना रही हैं।
जरूरत है कि बैंक सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करें, एटीएम में निगरानी बढ़े और आमजन को साइबर जागरूकता के प्रति सचेत किया जाये। क्योंकि रांची में अपराध का यह बढ़ता ग्राफ प्रशासन के लिए चेतावनी है। यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो हालात और गंभीर हो सकते हैं। स्रोतः मुकेश भारतीय/मीडिया रिपोर्ट







