सरकारफीचर्ड

बिना गारंटी बैंक लोनः माईयां सम्मान योजना के लाभुकों को मिलेंगे ₹20000

रांची दर्पण डेस्क। झारखंड सरकार ने माईयां सम्मान योजना से जुड़ी महिलाओं के लिए एक ऐतिहासिक फैसला लिया है। अब इस वित्तीय सहायता योजना की लाभुक महिलाओं को स्वरोजगार एवं सूक्ष्म व्यवसाय शुरू करने के लिए ₹20000 तक का बैंक लोन बिना किसी गारंटी दिलाया जाएगा। यह निर्णय राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठक में सैद्धांतिक रूप से मंजूर किया गया है।

क्या है नया फैसला?

राज्य सरकार ने यह बड़ा कदम इसलिए उठाया है ताकि मईयां सम्मान योजना की लाभुक महिलाएं सिर्फ मासिक सहायता राशि तक सीमित न रहें, बल्कि आर्थिक रूप से स्वावलंबी और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ सकें।

नई घोषणा के तहत लाभुक महिलाएं ₹20,000 तक का बैंक लोन ले सकेंगी। लोन लेने के लिए कोई संपार्श्विक (गारंटी) आवश्यक नहीं होगा। बैंकों ने इस योजना पर सहयोग की सहमति जताई है और कहा है कि लोन की किश्तें महिलाओं को मिलने वाली मासिक सहायता राशि से ही आसानी से समायोजित की जा सकती हैं।

किसके लिए है यह योजना?

यह योजना झारखंड सरकार की सबसे बड़ी महिला सशक्तिकरण पहल मुख्यमंत्री मईयां सम्मान योजना से जुड़ी लगभग 50 लाख से अधिक महिलाओं के लिए है। इस योजना के तहत हर लाभुक महिला के बैंक खाते में ₹2,500 प्रतिमाह सीधे भेजे जाते हैं। सहायता राशि 18 से 50 वर्ष उम्र की महिलाएं प्राप्त कर रही हैं।

अब इसी सहायता राशि के साथ महिलाएं छोटे व्यवसाय जैसे सिलाई-कढ़ाई, किराना दुकान, सब्जी व्यवसाय, पशुपालन, मुर्गी पालन इत्यादि क्षेत्र में निवेश कर सकती हैं।

आत्मनिर्भर महिलाएं, मजबूत ग्रामीण अर्थव्यवस्थाः

सरकार का मानना है कि सिर्फ पैसे देने से अधिक महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाना आवश्यक है। इस नए लोन प्रावधान से न सिर्फ महिलाओं की आय बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।

वित्त विभाग के अधिकारियों के अनुसार बैंकों को जल्द ही मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) जारी कर दी जाएगी, जिसके बाद ऋण वितरण की प्रक्रिया तुरंत शुरू हो जाएगी।

क्या है आगे की राह?

सूत्रों के अनुसार सरकार योजना के लिए आवश्यक बजटीय प्रावधान कर रही है और इसे अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (8 मार्च) के अवसर पर औपचारिक रूप से लॉन्च करने की योजना है।

वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा है कि जो महिलाएं समय पर लोन की किश्तें चुकाएंगी, वे बाद में उच्च राशि के लोन के लिए भी पात्र हो सकती हैं, जिससे उनका व्यवसाय और अधिक विस्तृत रूप से विकसित होगा।

माईयां सम्मान योजना की शुरुआतः

माईयां सम्मान योजना की शुरुआत अगस्त 2023 में शुरू हुई।  लगभग 50–51 लाख महिलाएं लाभार्थी बनाए गए।  लाभुक महिलाओं को ₹2,500 प्रतिमाह मासिक सहायता दी जाने लगी। अब नया लाभ के तहत गारंटी-रहित बैंक लोन ₹20,000 तक मुहैया कराए जाने की घोषणा की गई है।

इस पहल को महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देने वाली एक महत्वपूर्ण और सकारात्मक कदम के रूप में देखा जा रहा है। सरकार की योजना है कि जल्द ही इसकी प्रक्रिया पूरी तरह से लागू कर दी जाएगी, ताकि हर महिला को इसका लाभ समय पर मिल सके।

स्रोतः रांची दर्पण डेस्क के लिए मुकेश भारतीय की रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.