अरगोड़ा चौक पर बनेगा राउंड फ्लाइओवर, चार दिशाओं से ट्रैफिक जाम से मिलेगी बड़ी राहत

रांची दर्पण डेस्क। राजधानी रांची के सबसे व्यस्ततम और जामग्रस्त चौराहों में शामिल अरगोड़ा चौक पर अब ट्रैफिक जाम से लोगों को स्थायी राहत मिलने वाली है। बहुप्रतीक्षित अरगोड़ा फ्लाइओवर निर्माण को लेकर बड़ी प्रगति हुई है। परियोजना का डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) तैयार कर लिया गया है, जिसे अब मुख्यमंत्री की मंजूरी के लिए भेजा जा रहा है। मंजूरी मिलते ही योजना स्वीकृत हो जाएगी और अगले साल से निर्माण कार्य शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।

यह फ्लाइओवर अरगोड़ा चौक से चापुटोली चौक तक बनाया जाएगा। परियोजना की खास बात यह है कि अरगोड़ा चौक पर फ्लाइओवर गोलाकार (राउंड शेप) में बनेगा, जिससे चारों दिशाओं जैसे अशोक नगर रोड, हरमू रोड, डिबडीह रोड, चापुटोली रोड से वाहन आसानी से फ्लाइओवर पर चढ़ सकेंगे। यह संरचना राजधानी का पहला चार-दिशा जोड़ने वाला आधुनिक फ्लाइओवर होगा। कुल लागत करीब 220 करोड़ रुपये आंकी गई है।

परियोजना के अनुसार अरगोड़ा चौक से चापुटोली तक मुख्य फ्लाइओवर टू लेन का होगा। अशोक नगर की ओर उतरने वाला मार्ग भी टू लेन का बनाया जाएगा। हरमू और डिबडीह रोड की ओर फोर लेन की सुविधा मिलेगी। डिजाइन को इस तरह लागू किया जाएगा कि मौजूदा सड़क पर वाहनों की आवाजाही कम से कम प्रभावित हो।

इस फ्लाइओवर के निर्माण में भूमि अधिग्रहण न्यूनतम रखा गया है। अरगोड़ा से चापुटोली मार्ग पर केवल थोड़ी सी जमीन अधिग्रहित की जाएगी। हरमू और डिबडीह रोड पर किसी भूमि की जरूरत नहीं होगी। यह व्यवस्था इसलिए कि नीचे की सड़कें भी सुचारू रूप से चलती रहें।

फ्लाइओवर बनने के बाद अरगोड़ा चौक पर लगने वाला स्थायी जाम काफी हद तक खत्म हो जाएगा। सबसे अधिक राहत कटहल मोड़ और चाटोली की ओर से आने-जाने वाले लोगों को मिलेगी, जहां वर्तमान में ट्रैफिक दबाव सबसे अधिक रहता है।

फ्लाइओवर चालू होने पर गाड़ियां चापुटोली से सीधे ऊपर होकर अरगोड़ा पार कर सकेंगी, जिससे समय की बचत होगी, ईंधन की खपत घटेगी, ट्रैफिक सिस्टम अधिक सुगम होगा।

वर्तमान स्थिति में चापुटोली और अरगोड़ा चौक के बीच रोजाना लंबे जाम लगते हैं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी होती है। रांचीवासियों को अब अरगोड़ा चौक के जाम से स्थायी राहत की उम्मीद दिखने लगी है।

Editorhttps://ranchidarpan.com
वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय पिछले तीन दशक से राजनीति, प्रशासन, सरकार को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर बतौर News Witer Editor सक्रिय हैं।
संबधित खबरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

प्रमुख समाचार