रांची दर्पण डेस्क। झारखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमिटी की प्रवक्ता आभा सिन्हा ने स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा और परिवार कल्याण आपदा प्रबंधन मंत्री बन्ना गुप्ता से मिलकर रिम्स, रांची में अनुबंध पर कार्यरत कर्मचारियों को नियमित करने की मांग की। इस संबंध में श्रीमती सिन्हा ने माननीय मंत्री को ज्ञापन भी सौंपा।
श्रीमती सिन्हा ने अपने पत्र में लिखा है कि रिम्स, रांची के विभिन्न विभागों में लगभग 12 वर्षों से लगातार 16 कर्मचारी पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते आ रहे हैं।
माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेश दिनांक 01 अगस्त 2018 के अनुपालन में कहा गया है कि10 वर्षों से लगातार सेवा देने वाले कर्मचारी को नियमित (समायोजित) करना है।
इसी के आलोक में रिम्स, रांची के 4 कम्प्युटर ऑपरेटरों को रिम्स, रांची के ज्ञापांक 1311, दिनांक 30.04.2020 द्वारा समायोजित किया गया। लेकिन उक्त 16 कर्मचारियों को अभी तक समायोजित नहीं किया गया है।
ज्ञात हो कि कोविड-19 के दौरान रिम्स, रांची के सभी कर्मचारी पूरी तत्परता, सक्रीयता एवं निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं।